नयी दिल्ली, 15 अक्टूबर (भाषा) दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी के अलीपुर इलाके में दो वाहनों से 2,260 किलोग्राम पटाखे जब्त किए हैं और चार लोगों को पकड़ा है।
पुलिस ने बृहस्पतिवार को बताया कि 87 पार्सल और बक्सों में पैक किए गए पटाखों को दिल्ली में अलग-अलग इलाकों में लोगों को पहुंचाने के लिए कथित तौर पर पंजाब के कुराली से खरीदा गया था।
पुलिस ने बताया कि त्योहारी सीजन से पहले राष्ट्रीय राजधानी में पटाखों के परिवहन के बारे में मिली विशेष सूचना के बाद मंगलवार को यह जब्ती की गई। दिल्ली में पटाखों पर प्रतिबंध है।
पुलिस ने बताया कि अभियान के दौरान पुलिस ने अलीपुर में एक ट्रक और एक पिकअप वाहन को रोका और तलाशी लेने पर ट्रक से 1,350 किलोग्राम और पिकअप वाहन से 910 किलोग्राम पटाखे बरामद हुए।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पकड़े गए लोगों की पहचान ट्रक चालक लवकुश (24), उसके सहायक विकास उर्फ बी के (18), पिकअप वाहन चालक चंदन कुमार भगत (35) और उसके सहायक राजा यादव (19) के रूप में हुई है। वे सभी दिल्ली के निवासी हैं।
उन्होंने बताया कि दोनों वाहनों और पटाखों को जब्त कर लिया गया है तथा जांच के लिए नमूने एकत्र किए गए। अधिकारी ने बताया कि बुधवार को भारतीय न्याय संहिता और विस्फोटक अधिनियम के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।
भाषा नोमान नोमान अविनाश मनीषा
मनीषा