(फाइल फोटो के साथ)
प्रयागराज (उप्र), 15 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज में माफिया-नेता अतीक अहमद के खास दबदबे वाले इलाके रहे कसारी-मसारी को 'श्रीकृष्ण पुरी' के नाम से विकसित करने का ऐलान करते हुए आगाह किया कि शहर में अब कोई माफियागीरी करने का साहस नहीं करेगा और अगर करेगा तो फिर वह मिट्टी में मिलने की तैयारी भी कर ले।
मुख्यमंत्री ने कसारी-मसारी में अतीक अहमद और उसके गुर्गों के अवैध कब्जे से खाली करायी गयी करीब 15 बीघा जमीन पर कमजोर वर्गों के 602 परिवारों के लिये आवास बनाने की परियोजना का भूमि पूजन करने के बाद अपने सम्बोधन में कसारी-मसारी का नाम बदलकर श्रीकृष्ण पुरी करने का ऐलान किया।
उन्होंने कहा, ‘‘अब कसारी-मसारी नहीं होगा... अब श्रीकृष्ण पुरी के रूप में हम इस पूरे क्षेत्र को विकसित करेंगे। यह विकास की प्रक्रिया का हिस्सा है। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर यहां पर विकास की जो योजना आगे बढ़ेगी, यहां पर जो टाउनशिप विकसित होगी वह सब इसी श्री कृष्ण पुरी का हिस्सा होगा और पूरा क्षेत्र एक नई आभा के साथ आगे बढ़ेगा।’’
आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार का माफिया मुक्ति का जो अभियान था उसके क्रम में लोकरगंज के बाद कसारी-मसारी में भी अब माफिया से मुक्त कराई गई भूमि पर गरीबों के आशियाने बनेंगे।
उन्होंने कहा कि कभी माफिया अतीक अहमद और माफिया अशरफ जिस जमीन पर पैर रखते थे वह उनकी हो जाती थी और राज्य सरकार उन माफियाओं के सामने घुटने टेक देती थी।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘प्रयागराज में अब कोई माफियागीरी करने का साहस नहीं करेगा और अगर करेगा तो वह मिट्टी में मिलने की तैयारी भी कर ले।”
उन्होंने चेतावनी दी कि किसी की संपत्ति पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी और जरूरत पड़ने पर उनकी पैतृक संपत्ति भी जब्त कर गरीबों के लिए आवास बनाने में इस्तेमाल की जाएगी।
आदित्यनाथ ने कहा कि एक समय प्रयागराज में माफिया का आतंक था और लोग असुरक्षित महसूस करते थे, ऐसे में न तो विकास हो सकता है, न निवेश आ सकता है और न ही युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा हो सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद अपराध और अपराधियों को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करने की नीति अपनाई गई। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य कानून का राज स्थापित करना और उत्तर प्रदेश को देश की अर्थव्यवस्था का ‘ग्रोथ इंजन’ बनाना है।
आदित्यनाथ ने कहा कि लोकरगंज में पहले 86 गरीब परिवारों को आवास उपलब्ध कराए गए थे, जबकि कसारी-मसारी में पहले चरण में 602 और दूसरे चरण में 598 परिवारों को आवास देने की योजना है।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, परियोजना पूरी होने पर करीब 1,200 परिवारों के छह हजार से अधिक लोग यहां रह सकेंगे। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित टाउनशिप में बाजार, पार्क, खेलकूद की सुविधाएं और जिम भी बनाए जाएंगे तथा प्रयागराज विकास प्राधिकरण इन सुविधाओं का विकास करेगा।
आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके शासन में माफिया और बदमाशों को बढ़ावा मिला, जबकि भाजपा की सरकार विकास और बदलाव लेकर आई है।
उन्होंने प्रयागराज में सड़क और हवाई संपर्क में सुधार का उल्लेख करते हुए कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे से प्रयागराज से मेरठ और दिल्ली की यात्रा आसान हुई है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि प्रयागराज में बनने वाले एक औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) का नाम महाराजा बिजली पासी के नाम पर रखा जाएगा।
भाषा सलीम
राजकुमार
राजकुमार