नयी दिल्ली, 15 अक्टूबर (भाषा) सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) सेवा कंपनी टेक महिंद्रा का वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 32.74 प्रतिशत बढ़कर 1,585.6 करोड़ रुपये हो गया।
वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी (जुलाई-सितंबर) तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा 1,194.5 करोड़ रुपये रहा था।
पुणे स्थित कंपनी ने बृहस्पतिवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि दूसरी तिमाही में परिचालन आय 15.6 प्रतिशत बढ़कर 16,180.2 करोड़ रुपये हो गई जो गत वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 13,994.9 करोड़ रुपये थी।
तिमाही आधार पर कंपनी का मुनाफा आठ प्रतिशत और राजस्व तीन प्रतिशत बढ़ा।
कंपनी को नए सौदों से कुल अनुबंध मूल्य (टीसीवी) के आधार पर 102.3 करोड़ डॉलर के कारोबार मिले। यह एक साल पहले की तुलना में 25.4 प्रतिशत अधिक है।
टेक महिंद्रा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एवं प्रबंध निदेशक मोहित जोशी ने कहा, ‘‘लगातार चार तिमाहियों में एक अरब डॉलर से अधिक के सौदे मिलना, हमारे ग्राहकों के साथ संबंधों की मजबूती और हमारे प्रति उनके भरोसे को दर्शाता है। हम स्थिर मुद्रा के आधार पर सालाना 7.2 प्रतिशत की वृद्धि के साथ कारोबार की गति बनाए हुए हैं।’’
भाषा निहारिका रमण
रमण