कैनबरा, 15 अक्टूबर (भाषा) ऑस्ट्रेलिया में एक महिला का पीछा करने के आरोप में गिरफ्तार भारतीय मूल के एक सरकारी कर्मचारी की जमानत याचिका यहां की एक अदालत द्वारा खारिज कर दी गई।
लोक-सेवक पर आरोप है कि उसने महिला तथा उसके परिवार की जानकारी हासिल करने के लिए सरकारी सूचना-भंडार (डेटाबेस) का उपयोग करने की धमकी दी थी। खबरों में यह जानकारी सामने आई।
ऑस्ट्रेलियन ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन (एबीसी) न्यूज की एक खबर के अनुसार, पुलिस द्वारा सुयश सिन्हा (31) के घर पर दबिश देने के बाद उसे मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया।
रिपोर्ट के मुताबिक, सिन्हा को बुधवार को ऑस्ट्रेलियन कैपिटल टेरिटरी मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया गया, जहां विशेष मजिस्ट्रेट ल्यूसिंडा विल्सन ने उसकी जमानत याचिका यह कहते हुए खारिज कर दी कि शिकायतकर्ता महिला की सुरक्षा और सलामती को 'बहुत बड़ा खतरा' है।
'रीजन कैनबरा' समाचार पोर्टल की खबर के मुताबिक, सिन्हा ने पिछले सप्ताह ही ऑस्ट्रेलिया की नागरिकता हासिल की थी। सिन्हा पर उस महिला का पीछा करने का आरोप है, जिससे उसकी मुलाकात इस साल जनवरी में एक ‘डेटिंग’ ऐप के जरिए हुई थी।
आरोप है कि महिला द्वारा उसके प्रस्ताव को ठुकरा दिए जाने के बाद भी सिन्हा उसे लगातार संदेश भेजता रहा।
भाषा सुमित नरेश
नरेश