इंफाल, 15 अक्टूबर (भाषा) मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने बृहस्पतिवार को कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग-2 पर मुक्त आवागमन बहाल होने से राज्य की अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिला है। मई 2023 में शुरू हुए संकट से राज्य की अर्थव्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई थी।
सिंह ने सेनापति जिले के तादुबी स्थानीय मैदान में आयोजित 'सेवा संकल्प अभियान' में हिस्सा लेते हुए यह बात कही।
सिंह ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2025 में पूर्व विधायक एन. कायिसी के निधन के बाद उन्होंने व्यक्तिगत रूप से तादुबी में इस कार्यक्रम में शामिल होने का फैसला किया था।
उन्होंने कहा कि तीन मई, 2023 को शुरू हुए संकट से राज्य की अर्थव्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई थी, जिसके कारण 2023 से 2026 के बीच वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) संग्रह में करीब 1,200 करोड़ रुपये के राजस्व नुकसान का अनुमान है।
सिंह ने कहा कि बंद और नाकेबंदी से पूरे राज्य में दिहाड़ी मजदूरों और विद्यार्थियों पर प्रतिकूल असर पड़ा। उन्होंने कहा कि विभिन्न समुदायों के बीच मतभेदों को बातचीत के जरिये दूर किया जा सकता है।
उन्होंने एनएच-2 पर आवागमन बहाल करने में सहयोग देने के लिए सेनापति जिले के मराम, तादुबी और माओ के लोगों की भी सराहना की। यह राजमार्ग दीमापुर के रास्ते इंफाल को गुवाहाटी से जोड़ता है।
मणिपुर में इस राजमार्ग पर सार्वजनिक परिवहन सेवाएं 21 अगस्त को फिर से शुरू हुई थीं।
सिंह ने कहा कि राज्य के सभी समुदायों को एक साझा लक्ष्य हासिल करने के लिए मिलकर काम करना चाहिए।
भाषा
शुभम नरेश
नरेश