मुंबई, 15 अक्टूबर (भाषा) महाराष्ट्र में विपक्षी दलों ने बृहस्पतिवार को अभिनेता इमरान खान को भारत छोड़ने के लिए कहे जाने पर सरकार की आलोचना की। अमेरिकी नागरिक इमरान खान को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ एक प्रदर्शन में शामिल होने पर देश छोड़ने का निर्देश दिया गया है।
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता संजय राउत ने कहा कि सरकार डरी हुई है। वहीं, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने कहा कि खान ने कोई अपराध नहीं किया, बल्कि केवल विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया था। उन्होंने दावा किया कि जिन नेताओं पर दुष्कर्म और हत्या के आरोप हैं, वे फिलहाल कई राज्यों में मुख्यमंत्री के पद पर हैं।
मुंबई पुलिस ने बॉलीवुड अभिनेता और अमेरिकी नागरिक इमरान खान को नोटिस जारी कर कथित तौर पर आप्रवास और विदेशियों विषयक अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन करने के आरोप में 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का निर्देश दिया है।
यह कार्रवाई 10 अक्टूबर को मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में हुए विरोध प्रदर्शन में अभिनेता की भागीदारी के बाद की गई है। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की थी। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने खान को कुछ समय के लिए हिरासत में भी लिया था।
यहां संवाददाताओं से बात करते हुए राउत ने कहा, ‘‘यदि एसआईआर के खिलाफ हुए प्रदर्शन में युवाओं के साथ शामिल होने के कारण इमरान खान को देश छोड़ने के लिए कहा जा रहा है, तो इससे पता चलता है कि सरकार डरी हुई है।’’
उन्होंने कहा कि बॉलीवुड के कई सितारे प्रवासी भारतीय (एनआरआई) हैं और विदेशी नागरिक हैं।
राउत ने पूछा कि सरकार बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना से देश छोड़ने के लिए क्यों नहीं कहती।
भाषा संतोष वैभव
वैभव