नयी दिल्ली, 15 अक्टूबर (भाषा) कांग्रेस ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो की प्रस्तावित मुंबई यात्रा के दौरान विदेश मंत्री एस. जयशंकर की उनसे संभावित मुलाकात को लेकर बृहस्पतिवार को सवाल किया कि इस बारे में विदेश मंत्रालय चुप क्यों है।
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि भारत में अमेरिकी राजदूत द्वारा रुबियो की आगामी मुंबई यात्रा के बारे में और विवरण दिया जाना कोई आश्चर्य की बात नहीं है।
उन्होंने कहा कि यह जानकारी भी पूरी तरह अप्रत्याशित नहीं है कि रुबियो मुंबई में भारत सरकार के अधिकारियों से मुलाकात करेंगे।
रमेश ने कहा, ‘‘अमेरिकी राजदूत का यह कहना काफी असाधारण है कि डॉ. जयशंकर के भी अन्य लोगों के साथ वहां हमारे साथ शामिल होने की उम्मीद है।’’
उन्होंने सवाल किया कि भारत के विदेश मंत्री की देश के भीतर होने वाली बैठकों की घोषणा विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता के बजाय किसी अन्य पक्ष द्वारा कब से की जाने लगी?
रमेश ने मई, 2025 के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का उल्लेख करते हुए दावा किया कि भारत को 10 मई, 2025 की शाम रुबियो से ही पहली बार यह पता चला था कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ रोक दिया गया है।
उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए सवाल किया, ‘‘मुंबई में रुबियो के साथ विदेश मंत्री की मुलाकात को लेकर विदेश मंत्रालय चुप क्यों है?’’
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत करने के लिए अगले सप्ताह भारत की यात्रा करेंगे।
अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को बताया था कि रुबियो 17 से 22 अक्टूबर तक की अपनी यात्रा के दौरान पहले उज्बेकिस्तान के समरकंद जाएंगे और उसके बाद भारत में मुंबई तथा जामनगर की यात्रा करेंगे।
भाषा हक हक नरेश
नरेश