Breaking News

पंजाब में आज से 3 लाख सरकारी कर्मचारी 'हड़ताल' पर, दफ्तरों से बस सेवाओं तक पड़ेगा असर     |   एशियाई पैरा खेलों में प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड, बंटी ने जीता सिल्वर     |   ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल रैली का किया ऐलान     |   एशियाई पैरा खेलों में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 इवेंट में जीता गोल्ड     |   सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ीं, दूसरा केस भी क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर     |  

मवेशी और मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए बीएसएफ के साथ काम कर रही बंगाल पुलिस: शुभेंदु

(फाइल तस्वीर के साथ)

कोलकाता, 15 अक्टूबर (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य पुलिस मवेशियों, मादक पदार्थों और जाली नोटों की तस्करी रोकने के साथ-साथ सीमा पार से घुसपैठ तथा मानव तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के साथ मिलकर काम कर रही है।

शुभेंदु ने मुर्शिदाबाद जिले के लालबाग इलाके में दुर्गा पूजा का उद्घाटन करते हुए कहा कि बीएसएफ अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बाड़ लगाने का काम कर रहा है और इसमें पुलिस तथा राज्य सरकार की ओर से जरूरी सहायता दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने 'मादक पदार्थों से मुक्त पश्चिम बंगाल' का आह्वान करते हुए कहा कि हाल ही में भारत-बांग्लादेश सीमा के पास जलंगी में कफ सिरप की पांच हजार बोतलें नष्ट की गईं। उन्होंने कहा कि ऐसा 'मादक पदार्थों से मुक्त मुर्शिदाबाद' बनाने के लक्ष्य के तहत किया गया।

उन्होंने कहा, ‘‘पहले कफ सिरप की बोतलें, जाली नोटों, हेरोइन, अफीम और मवेशियों की बांग्लादेश में तस्करी की जाती थी। हम तस्करी को पूरी तरह खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमने सीमा पार से घुसपैठ और लड़कियों की तस्करी भी रोकी है।’’

शुभेंदु ने लोगों से नाबालिग लड़कियों की शादी रोकने की अपील करते हुए कहा कि इस साल जनवरी से जून के बीच राज्य में 60 हजार नाबालिग लड़कियों ने अस्पतालों में बच्चों को जन्म दिया। इनमें से 9,700 लड़कियां अकेले मुर्शिदाबाद जिले की थीं।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मैं सभी से अपील करता हूं कि वे लड़कियों को बचाने में हमारी मदद करें।’’

उन्होंने कहा, ‘‘पिछली सरकार में 12 से 15 साल तक की लड़कियों की शादी कर दी जाती थी और वे गर्भवती हो जाती थीं। यह गैरकानूनी है। हमारी सरकार समाज में सुधार लाना चाहती है और खुद को केवल प्रशासनिक कामकाज तक सीमित नहीं रखना चाहती।’’

शुभेंदु ने कहा कि नदी के कटाव के मुद्दे पर 27 अक्टूबर को दिल्ली में एक बैठक होगी। मुर्शिदाबाद जिले में गंगा नदी का कटाव एक बड़ी समस्या है।

उन्होंने कहा कि जिले में दुर्गा पूजा के दो पंडालों में ‘अप्रिय घटनाएं’ हुई हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस यह पता लगाने के लिए जांच कर रही है कि लोगों की खुशियों में खलल डालने के पीछे कौन लोग हैं।

शुभेंदु ने कहा कि राज्य में इस साल दुर्गा पूजा आयोजनों की संख्या बढ़कर 58 हजार हो गई, जबकि पिछले साल यह आंकड़ा 45 हजार था।

भाषा शुभम सुरेश

सुरेश