नयी दिल्ली, 15 अक्टूबर (भाषा) कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय का प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग (डीएआरपीजी) हिमाचल प्रदेश राज्य सरकार के सहयोग से धर्मशाला में 16-17 अक्टूबर को ई-गवर्नेंस सुधारों पर दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन कर रहा है।
मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को एक बयान में कहा कि इस सम्मेलन में देश भर से वरिष्ठ सरकारी अधिकारी और विशेषज्ञ ई-गवर्नेंस सुधारों, डिजिटल बदलाव, नवाचार और प्रभावी शासन पद्धतियों को अपनाने पर विचार-विमर्श करने के लिए एकत्रित होंगे।
इसमें कहा गया कि शासन संबंधी सुधारों को देश के हर कोने तक पहुंचाने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण से प्रेरित होकर डीएआरपीजी इन राष्ट्रीय सम्मेलनों का आयोजन नयी दिल्ली से बाहर करता है।
कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में, इन सम्मेलनों का आयोजन देश के कोने-कोने में किया गया है, जिसमें विभिन्न भौगोलिक क्षेत्रों को शामिल किया गया है और राज्यों एवं नागरिकों को शासन सुधारों से अवगत कराया गया है।
सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, डीएआरपीजी सचिव निवेदिता शुक्ला वर्मा और हिमाचल प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव कमलेश कुमार पंत के संबोधन होंगे।
भाषा वैभव अविनाश
अविनाश
अविनाश