नागपुर, 15 अक्टूबर (भाषा) राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के अनुसार, 20 अक्टूबर को नागपुर में होने वाले उसके विजयादशमी समारोह में अतिथियों के रूप में पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और मध्य-पश्चिम भारत में इजराइल के महावाणिज्यि दूत यानिव रेवाच को आमंत्रित किया गया है।
आरएसएस द्वारा बुधवार को जारी विज्ञप्ति में कहा गया कि आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत नागपुर के रेशिमबाग में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्य भाषण देंगे।
इसमें बताया गया कि दैनिक जागरण के प्रधान संपादक संजय गुप्ता समारोह के मुख्य अतिथि होंगे।
आरएसएस ने कहा, ‘‘इस वर्ष संघ के विजयादशमी उत्सव, जो इसके शताब्दी वर्ष के समापन के अवसर पर आयोजित हो रहा है, के लिए आमंत्रित अतिथि पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और मध्य भारत क्षेत्र के लिए इजराइल के महावाणिज्य दूत यानिव रेवाच होंगे।’’
धनखड़ ने चिकित्सा कारणों का हवाला देते हुए जुलाई 2025 में उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति पद से अचानक इस्तीफा दे दिया था।
कांग्रेस ने धनखड़ को आरएसएस की ओर से निमंत्रण को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि ‘‘व्यवस्था अंतर्विरोधों से जूझ रही है।’’
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि आरएसएस ने धनखड़ को आमंत्रित किया है, लेकिन सरकार ने अभी तक उन्हें आवास आवंटित नहीं किया है जबकि वह पिछले साल जुलाई में अचानक इस्तीफा देने के बाद से इसके लिए हकदार हैं।
भाषा वैभव नरेश
नरेश