तिराना (अल्बानिया), 14 अक्टूबर (एपी) अल्बानिया में लंबे समय से सत्ता में काबिज सोशलिस्ट सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों और पुलिस के बीच बृहस्पतिवार को राजधानी तिराना में लगातार तीसरे दिन हिंसक झड़पें हुईं।
प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा मंत्रालय के बाहर पुलिसकर्मियों पर पत्थर फेंके। जवाब में दंगा-रोधी पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और पानी की बौछारें कीं। पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, बुधवार को प्रदर्शनकारियों ने सरकारी इमारतों, बैंकों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर हमला किया था। इन घटनाओं में 61 पुलिसकर्मियों सहित 89 लोग घायल हुए थे।
शिक्षा सुधारों की मांग कर रहे छात्र समूहों के अलावा वे लोग भी प्रदर्शनों में शामिल थे, जो अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर से जुड़ी एक बड़ी विकास परियोजना के विरोध में सरकार-विरोधी आंदोलन चला रहे हैं।
तथाकथित ‘फ्लेमिंगो आंदोलन’ व्यापक भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर प्रधानमंत्री एदी रामा के इस्तीफे की मांग कर रहा है। इस आंदोलन को यह नाम इसलिए मिला, क्योंकि प्रदर्शनकारियों ने गुलाबी रंग के फ्लेमिंगो पक्षी की तस्वीर वाले पोस्टर और संकेतक इस्तेमाल किए हैं।
एपी संतोष अविनाश
अविनाश