इंफाल, 15 अक्टूबर (भाषा) मणिपुर में संदिग्ध तौर पर खाद्य विषाक्तता के कारण सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के 75 जवानों और तीन अन्य लोगों को बृहस्पतिवार को एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि उल्टी और मितली की शिकायत के बाद बीएसएफ के जवानों और तीन नागरिकों को अपराह्न करीब एक बजे क्षेत्रीय आयुर्विज्ञान संस्थान (आरआईएमएस) लाया गया। उन्होंने नाश्ता करने के बाद इन लक्षणों की शिकायत की थी।
रिम्स के एक अधिकारी ने कहा, 'बीएसएफ के जवानों और तीन नागरिकों को आपातकालीन विभाग में तत्काल उपचार दिया गया। अब उनकी हालत स्थिर है। संदिग्ध तौर पर खाद्य विषाक्तता के कारण उनकी तबीयत बिगड़ी।'
रिम्स के प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक प्रोफेसर एम. रामेश्वर ने कहा कि खाद्य विषाक्तता के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
भाषा
शुभम नरेश
नरेश