श्रीनगर, 15 अक्टूबर (भाषा) श्रीनगर में मादक पदार्थों की तस्करी और उससे जुड़े वित्तीय नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 13 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की कई संपत्तियां कुर्क की गई हैं। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि श्रीनगर पुलिस ने स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम, 1985 (एनडीपीएस) के प्रावधानों के तहत 13.43 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की कई आवासीय संपत्तियों और एक वाहन को जब्त या कुर्क किया है।
यह समन्वित कार्रवाई खानयार, पंथा चौक, शालटेंग, सफाकदल, सौरा और अहमदनगर पुलिस थानों ने की।
वित्तीय जांच के दौरान इन संपत्तियों की पहचान ऐसी संपत्तियों के रूप में की गई, जिन्हें कथित तौर पर मादक पदार्थों की अवैध तस्करी से अर्जित धन से खरीदा गया था।
प्रवक्ता ने बताया कि खानयार पुलिस ने आठ करोड़ रुपये मूल्य की चार आवासीय संपत्तियां और एक वाहन कुर्क किया।
वहीं, पंथा चौक पुलिस ने 1.24 करोड़ रुपये मूल्य की एक आवासीय संपत्ति और शालटेंग थाने ने 1.21 करोड़ रुपये मूल्य की एक संपत्ति कुर्क की।
प्रवक्ता ने बताया कि इसी तरह, सफाकदल पुलिस ने 10.15 लाख रुपये मूल्य की एक संपत्ति और अहमदनगर पुलिस ने एक करोड़ रुपये मूल्य की एक संपत्ति कुर्क की।
उन्होंने कहा कि सौरा पुलिस ने भी 1.18 करोड़ रुपये मूल्य की एक संपत्ति और अहमदनगर पुलिस ने 80 लाख रुपये मूल्य की एक संपत्ति कुर्क की।
वित्तीय जांच के दौरान इन संपत्तियों की पहचान ऐसी संपत्तियों के रूप में की गई, जिन्हें कथित तौर पर मादक पदार्थों की अवैध गतिविधियों से अर्जित धन से खरीदा गया था।
कार्यकारी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस) के तहत इन संपत्तियों को जब्त या कुर्क किया गया।
प्रवक्ता ने कहा कि यह समन्वित कार्रवाई मादक पदार्थों की तस्करी के गिरोहों की आर्थिक ताकत पर प्रहार करने के लिए श्रीनगर पुलिस के लगातार और तेज किए गए प्रयासों को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित धन से कथित तौर पर खरीदी गई संपत्तियों की पहचान करने, उनका पता लगाने और उन्हें जब्त या कुर्क करने के जरिए श्रीनगर पुलिस का लक्ष्य संगठित मादक पदार्थों की अवैध गतिविधियों को बनाए रखने वाले आर्थिक ढांचे को ध्वस्त करना है।
भाषा तान्या नेत्रपाल
नेत्रपाल