Breaking News

पंजाब में आज से 3 लाख सरकारी कर्मचारी 'हड़ताल' पर, दफ्तरों से बस सेवाओं तक पड़ेगा असर     |   एशियाई पैरा खेलों में प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड, बंटी ने जीता सिल्वर     |   ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल रैली का किया ऐलान     |   एशियाई पैरा खेलों में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 इवेंट में जीता गोल्ड     |   सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ीं, दूसरा केस भी क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर     |  

मणिपुर में उग्रवादी हमले में मारे गए व्यक्ति का कटा हुआ सिर बरामद

इंफाल, 15 अक्टूबर (भाषा) मणिपुर के कांगपोकपी जिले में नगा आबादी वाले एक गांव पर संदिग्ध उग्रवादी हमले में मारे गए व्यक्ति का कटा हुआ सिर बरामद कर लिया गया है। यह जानकारी एक वरिष्ठ अधिकारी ने दी।

अजिनबौ रिंगकामाई 10 अक्टूबर को मकुई अशांग गांव में बंदूकधारियों के हमले मारे गए थे। उनका सिर धड़ से अलग कर दिया गया था, लेकिन इसके बाद वह नहीं मिला था।

सिर रहित उनका शव 11 अक्टूबर को यहां सरकारी जवाहरलाल नेहरू आयुर्विज्ञान संस्थान (जेएनआईएमएस) लाया गया था।

नगा संगठन ‘जॉइंट ट्राइब्स काउंसिल मणिपुर’ ने रिंगकामाई के कटे हुए सिर का पता लगाने के लिए 48 घंटे का अल्टीमेटम जारी किया था, ताकि उनका अंतिम संस्कार उचित तरीके से किया जा सके।

अधिकारी ने कहा, ‘‘केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और पुलिस की संयुक्त टीम को बुधवार देर रात घटनास्थल के पास एक सुनसान इलाके में सिर मिला। इसे पोस्टमॉर्टम के लिए बृहस्पतिवार सुबह जेएनआईएमएस लाया गया।’’

दस अक्टूबर को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें कथित तौर पर भारी हथियारों से लैस उग्रवादी कटा हुआ सिर ले जाते हुए दिखे थे। हालांकि, पीटीआई इस वीडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सका।

इस साल फरवरी से कुकी और नगा समुदायों के बीच हुई झड़पों में 50 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। ये झड़पें उखरुल, कामजोंग, कांगपोकपी, नोनी और तमेंगलोंग जिलों में हुई हैं।

भाषा राखी नेत्रपाल

नेत्रपाल