जयपुर, 15 अक्टूबर (भाषा) राजस्थान विधानसभा में विपक्ष के नेता टीकाराम जूली ने पंचायत चुनाव में प्रदेश के एक कैबिनेट मंत्री के बेटे के निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने को लेकर बृहस्पतिवार को भाजपा पर निशाना साधा।
उन्होंने आरोप लगाया कि यह घटनाक्रम सत्तारूढ़ दल के भीतर बढ़ते असंतोष को दर्शाता है।
जूली ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में सवाल उठाया कि जब भाजपा के अपने ही मंत्री के बेटे को पार्टी के टिकट पर जीतने का भरोसा नहीं है, तो आम जनता पार्टी पर कैसे भरोसा कर सकती है।
नगरीय विकास एवं आवासन (यूडीएच) मंत्री झाबर सिंह खर्रा के बेटे दुर्गा सिंह ने श्रीमाधोपुर पंचायत समिति से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया है।
दुर्गा सिंह ने दावा किया कि पार्टी कार्यकर्ता चाहते थे कि वह निर्दलीय चुनाव लड़ें।
जूली ने आरोप लगाया कि निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला भाजपा की संगठनात्मक कमजोरियों और पार्टी कार्यकर्ताओं तथा स्थानीय नेतृत्व के बीच बढ़ते मतभेदों को उजागर करता है।
उन्होंने कहा कि इस घटनाक्रम से टिकट वितरण और जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं की कथित उपेक्षा को लेकर सवाल खड़े होते हैं।
कांग्रेस नेता ने मंत्री से नैतिक आधार पर इस्तीफा देने की मांग करते हुए कहा कि उनके बेटे के निर्दलीय चुनाव लड़ने के फैसले से राजनीतिक और नैतिक जवाबदेही पर सवाल उठते हैं।
जूली ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ से भी इस मामले को गंभीरता से लेने और टिकट वितरण तथा पार्टी कार्यकर्ताओं में असंतोष से जुड़े सवालों का जवाब देने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि भाजपा नेतृत्व केवल बयान जारी करके इन मुद्दों का समाधान नहीं कर सकता।
भाषा बाकोलिया राजकुमार
राजकुमार