Breaking News

पंजाब में आज से 3 लाख सरकारी कर्मचारी 'हड़ताल' पर, दफ्तरों से बस सेवाओं तक पड़ेगा असर     |   एशियाई पैरा खेलों में प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड, बंटी ने जीता सिल्वर     |   ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल रैली का किया ऐलान     |   एशियाई पैरा खेलों में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 इवेंट में जीता गोल्ड     |   सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ीं, दूसरा केस भी क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर     |  

दिल्ली के बुराड़ी में यमुना किनारे मृत मछलियां मिलीं, मौत का कारण अभी पता नहीं चला

नयी दिल्ली, 15 अक्टूबर (भाषा) उत्तर दिल्ली में बुराड़ी के निकट यमुना किनारे संभवतः हजारों मछलियां मृत पाई गईं हैं, जिससे नदी के पानी की गुणवत्ता और उसके जलीय पारिस्थितिकी तंत्र की स्थिति को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है। न्यू दिल्ली नेचर सोसाइटी ने बृहस्पतिवार को इसकी जानकारी दी।

सोसाइटी ने बुधवार शाम ‘एक्स’ पर नदी के किनारे मृत पड़ी मछलियों की तस्वीरें और वीडियो साझा किये। सोसाइटी ने अपने ‘एक्स’ प्रोफाइल में खुद को ‘‘जागरूकता फैलाने वाले व्यक्तियों का एक समूह’’ बताया है।

इसने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मछलियों की मौत का सटीक कारण अभी पता नहीं चला है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि हरियाणा से नहरों के जरिये रासायनिक कचरा यमुना में छोड़ा जा रहा है। क्या इसका संबंध 12 अक्टूबर को हुई अम्लीय वर्षा से हो सकता है?’’

सोसाइटी ने कहा कि मछलियों की मौत जलीय पारिस्थितिकी तंत्र पर पड़ रहे दबाव का संकेत हो सकती है और इसके संभावित कारणों में पानी की गुणवत्ता में गिरावट, पानी में घुलित ऑक्सीजन का स्तर कम होना और जहरीले पदार्थों की मौजूदगी शामिल हैं।

मछलियों की मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं है।

ये तस्वीरें यमुना में प्रदूषण को लेकर लगातार बनी चिंताओं के बीच सामने आई हैं। नदी को साफ करने के बार-बार किये गये प्रयासों के बावजूद प्रदूषण से जुड़ी चुनौतियां बरकरार हैं।

पिछले साल मई में भी बुराड़ी में बड़े पैमाने पर मछलियों की मौत होने की खबरें आई थीं।

उस समय सामने आये दृश्यों में नदी में हजारों मृत मछलियां दिखाई दी थीं। स्थानीय लोगों ने इन मौतों के लिए हरियाणा से कथित तौर पर छोड़े गए रासायनिक कचरे को जिम्मेदार ठहराया था। उस समय आई खबरों में प्रदूषण का स्तर अधिक होने की बात भी कही गई थी।

इस साल मई में भीषण गर्मी और जलस्तर घटने के बीच पूर्वी दिल्ली की संजय झील में सैकड़ों मछलियों की मौत हो गई थी। विशेषज्ञों ने इसके संभावित कारणों में उच्च तापमान, प्रदूषकों की बढ़ती सांद्रता और पानी में घुलित ऑक्सीजन के घटते स्तर को जिम्मेदार ठहराया था।

भाषा

देवेंद्र रंजन

रंजन