चेन्नई, 15 अक्टूबर (भाषा) विदुथलाई चिरुथैगल काची (वीसीके) के प्रमुख थोल तिरुमावलवन ने बृहस्पतिवार को केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग (ईसी) पर सुनियोजित ‘‘वोट चोरी’’ का आरोप लगाते हुए कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कवायद के दौरान एक ‘‘साजिश’’ के तहत राजनीतिक प्रतिद्वंदियों को निशाना बनाकर मतदाता सूची से उनके नाम काटे जा रहे हैं।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर 'इंडिया' गठबंधन द्वारा आयोजित विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेते हुए तिरुमावलवन ने मतदाता सूची संशोधन प्रक्रिया में गड़बड़ी का दावा किया।
उन्होंने कहा, 'केंद्र में सत्तारूढ़ सरकार और निर्वाचन आयोग एक सोची-समझी साजिश के तहत राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाकर मतदाता सूची से उनके नाम हटा रहे हैं और वोटों की सुनियोजित चोरी कर रहे हैं। मतदाताओं के नाम अनुपस्थित, स्थानांतरित, स्थान-परिवर्तित, या दोहरी प्रविष्टि जैसी श्रेणियों के तहत हटाए जा रहे हैं।'
लोकसभा सांसद ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम का दुरुपयोग करके विपक्षी पार्टियों के समर्थकों, अल्पसंख्यक समुदायों और वंचित वर्गों के लोगों का मताधिकार छीना जा रहा है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि यह विरोध प्रदर्शन 'इंडिया' गठबंधन के राष्ट्रव्यापी आंदोलन का हिस्सा है जिसका नेतृत्व राहुल गांधी और प्रियंका गांधी जैसे वरिष्ठ कांग्रेस नेता संविधान तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए कर रहे हैं।
तिरुमावलवन ने कांग्रेस और गठबंधन के अन्य सहयोगी दलों के प्रति एकजुटता व्यक्त करते हुए इस संघर्ष को महज एक राजनीतिक प्रतिस्पर्धा नहीं बल्कि भारत के धर्मनिरपेक्ष और बहुलवादी मूल्यों की रक्षा की लड़ाई बताया।
भाषा सुमित नरेश
नरेश