मलप्पुरम (केरल), 15 अक्टूबर (भाषा) मलप्पुरम के वेंगूर में अदालत द्वारा नियुक्त अधिवक्ता आयुक्त को गिरवी रखी गई संपत्ति पर कब्जा लेने से कथित तौर पर रोकने के आरोप में पुलिस ने इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के विधायक नजीब कंथापुरम के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मंजेरी की प्रथम श्रेणी मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अदालत के निर्देश पर मेलाट्टूर पुलिस ने 12 अक्टूबर को पेरिंथलमन्ना के विधायक कंथापुरम, वार्ड सदस्य मुसामिल खान और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया।
यह मामला वेंगूर के वडक्केकारा कॉलोनी में एक व्यक्ति की गिरवी रखी गई संपत्ति पर कब्जा लेने के लिए अधिवक्ता आयुक्त नियुक्त करने के अदालत के आदेश से जुड़ा है।
पुलिस के अनुसार, 25 सितंबर को जब अधिवक्ता आयुक्त संपत्ति पर कब्जा लेने के लिए मौके पर पहुंचे तो कंथापुरम और अन्य लोगों ने कथित तौर पर उन्हें अदालत के आदेश का पालन करने से रोक दिया।
प्राथमिकी के अनुसार, कंथापुरम ने अधिवक्ता आयुक्त को धमकी देते हुए कहा कि अगर वह संपत्ति में कदम रखेंगे, तो जिंदा वापस नहीं लौट पाएंगे। इस धमकी से शिकायतकर्ता को अपनी जान का डर सताने लगा।
घटना के बाद शिकायतकर्ता ने अदालत का रुख किया, जिसके बाद अदालत ने पुलिस को मामला दर्ज करने का निर्देश दिया।
हाल ही में कंथापुरम ने अपने कृत्य के लिए माफी मांगने संबंधी एक याचिका भी दायर की है जिस पर जल्द विचार किए जाने की उम्मीद है।
कांथापुरम का कहना था कि उन्होंने तब कदम उठाया जब प्रक्रिया के तहत उस घर को खाली करा लिया गया, जिसमें तीन महिलाएं रहती थीं। साथ ही कहा कि उन्होंने अधिवक्ता आयुक्त से इस मामले को सुलझाने के लिए और समय देने को कहा।
भाषा
शुभम नरेश
नरेश
नरेश