कोच्चि, 15 अक्टूबर (भाषा) मिनी कूपर हादसे की जांच कर रही पुलिस बृहस्पतिवार को मुख्य आरोपी सुहैल को साथ लेकर घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य एकत्र किए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अंगमाली के न्यायिक प्रथम श्रेणी मजिस्ट्रेट ने बुधवार को गिरफ्तार किए गए चार लोगों सुहैल, निनव, अमीर और जोएल को जांच के लिए बृहस्पतिवार शाम तक पुलिस हिरासत में सौंपने का आदेश दिया था।
कोच्चि के पास नेदुंबस्सेरी में 11 अक्टूबर की सुबह तेज रफ्तार कार ने एक स्कूटर को टक्कर मार दी थी, जिससे करीब 21 साल की उम्र के तीन युवाओं की मौत हो गई थी। इनमें दो महिलाएं शामिल थीं। आरोप है कि कार चला रहा 19 वर्षीय सुहैल शराब के नशे में था।
अधिकारियों ने बताया कि हादसे के समय अन्य आरोपी भी कार में सवार थे।
खबरों के मुताबिक, चिकित्सकीय जांच में सुहैल के खून में शराब का स्तर काफी अधिक पाया गया। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ अतिरिक्त धाराएं लगाईं।
अधिकारियों ने बताया कि जांच के तहत सुहैल को बृहस्पतिवार सुबह पुलिस बस से अथानी-हवाई अड्डा मार्ग पर दुर्घटनास्थल पर ले जाया गया।
हालांकि, इलाके में बड़ी संख्या में लोगों के जमा होने के कारण उसे वाहन से बाहर नहीं निकाला गया।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने बस के अंदर ही हादसे को लेकर उसका बयान दर्ज किया।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस आरोपियों को उन बार में भी ले गई, जहां कथित तौर पर उन्होंने लापरवाही से गाड़ी चलाने से पहले शराब पी थी।
पुलिस हिरासत की अवधि समाप्त होने के बाद चारों आरोपियों को बृहस्पतिवार को बाद में अदालत में पेश किया जाएगा।
इससे पहले, चारों आरोपियों को त्रिक्काकरा बोर्स्टल स्कूल भेजा गया, जहां 18 से 21 वर्ष की उम्र के अपराधियों को रखा जाता है।
इस फैसले की व्यापक आलोचना हुई थी।
मृत युवाओं के परिजनों ने आरोप लगाया था कि सुहैल के धनी माता-पिता जांच को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं।
गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने बाद में स्पष्ट किया कि हिरासत में भेजे गए आरोपियों को कहां रखा जाएगा, इसका फैसला अदालत करती है।
उन्होंने कहा कि आरोपियों के प्रति कोई नरमी नहीं बरती जाएगी और मृतकों के परिवारों के लिए न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।
भाषा तान्या पवनेश
पवनेश