Breaking News

पंजाब में आज से 3 लाख सरकारी कर्मचारी 'हड़ताल' पर, दफ्तरों से बस सेवाओं तक पड़ेगा असर     |   एशियाई पैरा खेलों में प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड, बंटी ने जीता सिल्वर     |   ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल रैली का किया ऐलान     |   एशियाई पैरा खेलों में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 इवेंट में जीता गोल्ड     |   सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ीं, दूसरा केस भी क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर     |  

चीन और उत्तर कोरिया को जोड़ने वाला नया पुल एक दशक से अधिक की देरी के बाद खुला

बीजिंग, 15 अक्टूबर (एपी) चीन और उत्तर कोरिया को जोड़ने वाला एक नया पुल एक दशक से अधिक की देरी के बाद बृहस्पतिवार को खुल गया। इसे दोनों देशों के बीच बढ़ते संबंधों के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने बताया कि ‘न्यू यालू रिवर ब्रिज’ का उद्घाटन किया गया। सरकारी मीडिया संस्थान चाइना न्यूज सर्विस के ऑनलाइन वीडियो में चीन और उत्तर कोरिया के राष्ट्रीय ध्वजों से सजे ट्रक पुल पर खड़े दिखाई दिए। पुल को भी दोनों देशों के झंडों से सजाया गया था।

बीजिंग को उम्मीद है कि तीन किलोमीटर लंबा और चार लेन वाला यह पुल आर्थिक एवं व्यापारिक गतिविधियों के साथ-साथ दोनों देशों के लोगों के बीच आपसी संपर्क को भी बढ़ावा देगा। यह पुल चीन के पूर्वोत्तर शहर दानदोंग को उत्तर कोरिया के शहर सिनुइजू से जोड़ता है।

इस पुल को मूल रूप से 2014 में यातायात के लिए खोलने की योजना थी। उस समय चीन ने अपनी ओर निर्माण कार्य पूरा कर लिया था। हालांकि, निर्धारित समय पर पुल नहीं खुला और उत्तर कोरिया ने अपनी ओर संबंधित निर्माण कार्य भी पूरा नहीं किया था।

सिनुइजू में निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ने से यह अटकलें लगाई जाने लगी थीं कि प्योंगयांग चीन पर अपनी आर्थिक निर्भरता बढ़ने को लेकर सतर्क है या फिर उत्तर कोरिया के परमाणु कार्यक्रम को लेकर उस पर अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंध सख्त करने वाले संयुक्त राष्ट्र के प्रस्तावों के पक्ष में बीजिंग के मतदान से नाराज है।

पुल के निर्माण में देरी को लेकर चीन की सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी से संबद्ध समाचार पत्र ‘ग्लोबल टाइम्स’ ने असामान्य रूप से तीखी खबर प्रकाशित की थी। इसमें दानदोंग के निवासियों की नाराजगी का उल्लेख किया गया था, जिन्हें उम्मीद थी कि पुल खुलने से उनके सीमावर्ती शहर को आर्थिक लाभ होगा।

विश्लेषकों का कहना है कि नए पुल से दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार बढ़ने और परिवहन एवं माल ढुलाई की व्यवस्था धीरे-धीरे अधिक बेहतर होने की संभावना

है।

एपी मनीषा रंजन

रंजन