Breaking News

पंजाब में आज से 3 लाख सरकारी कर्मचारी 'हड़ताल' पर, दफ्तरों से बस सेवाओं तक पड़ेगा असर     |   एशियाई पैरा खेलों में प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड, बंटी ने जीता सिल्वर     |   ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल रैली का किया ऐलान     |   एशियाई पैरा खेलों में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 इवेंट में जीता गोल्ड     |   सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ीं, दूसरा केस भी क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर     |  

राजकोट में कर्मचारी की गोली मारकर हत्या, 1.53 करोड़ रुपये का सोना-चांदी लूटने के मामले में नौ गिरफ्तार

राजकोट, 15 अक्टूबर (भाषा) गुजरात के राजकोट शहर में कीमती धातुओं की रिफाइनरी के एक कर्मचारी की गोली मारकर हत्या करने और करीब 1.53 करोड़ रुपये मूल्य का सोना-चांदी लूटने के मामले में नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

राजकोट जोन-एक की पुलिस उपायुक्त हेतल पटेल ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी राज्य के बाहर के रहने वाले हैं और लूटी गई संपत्ति बरामद कर ली गई है।

उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि थोराला थाना क्षेत्र में स्थित सोना-चांदी रिफाइनरी ‘तन्वी एक्सपोर्ट्स इंडिया लिमिटेड’ के कर्मचारी लालजीभाई सरधारा (53) पर बुधवार शाम चार अज्ञात लोगों ने हमला किया था।

प्राथमिकी के अनुसार, सरधारा रिफाइनरी से 946 ग्राम वजन की सोने की छड़ें और दो किलोग्राम परिष्कृत चांदी के पाउडर से भरा बैग लेकर निकले थे। सोने की छड़ों का मूल्य करीब 1.48 करोड़ रुपये और चांदी के पाउडर का मूल्य 4.3 लाख रुपये बताया गया है।

कंपनी के साझेदार बिपिनभाई विरदिया की शिकायत के अनुसार, चार आरोपियों में से दो मरून रंग की कार से उतरे और सरधारा से बैग छीनने की कोशिश की।

शिकायत में कहा गया है कि जब सरधारा और सुरक्षा गार्ड बावनजी बाबूजी पढियार ने विरोध किया, तो सफेद कमीज पहने एक आरोपी ने कथित तौर पर बंदूक निकालकर सरधारा को गोली मार दी।

इसके बाद आरोपी बैग लेकर कार से फरार हो गए।

प्राथमिकी के अनुसार, सरधारा को एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

शिकायतकर्ता ने बताया कि कंपनी अपनी मुख्य इकाई से करीब 40 मीटर दूर स्थित रिफाइनरी से परिष्कृत सोना और चांदी सुरक्षा कर्मियों की निगरानी में युग बिल्डिंग स्थित आभूषण निर्माण इकाई तक पहुंचाती है।

अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में भारतीय न्याय संहिता, शस्त्र अधिनियम और गुजरात पुलिस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके बाद कथित लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस उपायुक्त जगदीश बांगरवा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों के रहने वाले हैं।

उन्होंने कहा कि आरोपियों को राजस्थान पुलिस की मदद से गिरफ्तार किया गया।

भाषा रंजन

रंजन