चेन्नई, 15 अक्टूबर (भाषा) मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने बृहस्पतिवार को केंद्र को सूचित किया कि मालदीव के तटरक्षक बल ने तमिलनाडु के 25 मछुआरों को हिरासत में लेने के साथ ही उनकी तीन नौकाओं को जब्त कर लिया है। उन्होंने इन मछुआरों की जल्द रिहाई के लिए कदम उठाने का आग्रह किया।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर को लिखे पत्र में विजय ने बताया कि थूथुकुडी जिले के रहने वाले इन मछुआरों को मालदीव के तटरक्षक बल ने मंगलवार तड़के हिरासत में लिया। उन्होंने बताया कि उनकी तीन मशीनीकृत नौकाएं भी जब्त कर ली गई हैं।
विजय ने जयशंकर से कहा, ‘‘मेरा आपसे अनुरोध है कि आप उचित राजनयिक माध्यमों से मालदीव सरकार के समक्ष यह मामला उठाएं, ताकि मछुआरों और उनकी नौकाओं की जल्द रिहाई सुनिश्चित हो सके और वे सुरक्षित अपने घर लौट सकें।’’
विजय ने विदेश मंत्री से इस मामले में व्यक्तिगत रूप से हस्तक्षेप करने का आग्रह किया।
भाषा संतोष अविनाश
अविनाश