नयी दिल्ली, 15 अक्टूबर (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र के यूको बैंक का शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) में 27 प्रतिशत बढ़कर 786 करोड़ रुपये हो गया। बैंक ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
कोलकाता स्थित बैंक ने पिछले वित्त वर्ष की जुलाई-सितंबर तिमाही में 620 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।
यूको बैंक ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में उसकी कुल आय बढ़कर 8,170 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 7,421 करोड़ रुपये थी।
इस दौरान बैंक की ब्याज आय भी बढ़कर 7,286 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में 6,537 करोड़ रुपये थी।
बैंक का परिचालन लाभ भी बढ़कर 1,872 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 1,613 करोड़ रुपये था।
परिसंपत्ति की गुणवत्ता के मोर्चे पर बैंक का सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (एनपीए) अनुपात सितंबर, 2026 के अंत तक घटकर 1.96 प्रतिशत रह गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 2.56 प्रतिशत था।
इसी तरह, शुद्ध एनपीए यानी फंसे कर्ज का अनुपात सितंबर, 2026 के अंत तक घटकर 0.18 प्रतिशत रह गया, जो सितंबर, 2025 के अंत में 0.43 प्रतिशत था।
भाषा यासिर अजय
अजय