Breaking News

पंजाब में आज से 3 लाख सरकारी कर्मचारी 'हड़ताल' पर, दफ्तरों से बस सेवाओं तक पड़ेगा असर     |   एशियाई पैरा खेलों में प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड, बंटी ने जीता सिल्वर     |   ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल रैली का किया ऐलान     |   एशियाई पैरा खेलों में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 इवेंट में जीता गोल्ड     |   सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ीं, दूसरा केस भी क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर     |  

संपत्ति विवाद में बेटे को जहर देने और दम घोंटने की कोशिश का आरोप, चार के खिलाफ मामला दर्ज

सहारनपुर (उप्र), 15 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के कुतुबशेर क्षेत्र में एक 74 वर्षीय बुजुर्ग ने संपत्ति विवाद में बहू एवं तीन लोगों के खिलाफ बेटे की दवा में जहर मिला कर उसकी हत्या करने की कोशिश का आरोप लगाया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

थाना प्रभारी संतोष कुमार त्यागी ने बताया कि अदालत के आदेश पर बुधवार को कुतुबशेर थाने में चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

शिकायतकर्ता सईद के अनुसार, उसकी बहू फरहाना उर्फ रानी चाहती थी कि उसका बेटा मुर्तजा एक प्लॉट उसके नाम कर दे। आरोप है कि दो सितंबर को सुबह करीब छह बजे मुर्तजा काम पर जाने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान उसने अपनी पत्नी से रक्तचाप की दवा मांगी, जिसे कथित तौर पर जहर मिलाकर उसे दे दिया गया।

सईद ने आरोप लगाया कि दवा लेने के बाद मुर्तजा की हालत बिगड़ने लगी तो फरहाना ने तकिए से उसका मुंह दबा कर मारने की कोशिश की।

शिकायत के मुताबिक, फरहाना ने मुर्तजा से कहा कि जहर उसकी बहन लेकर आई थी।

आरोप है कि इसके बाद दोनों बहनों ने मुर्तजा को एक कमरे में बंद कर दिया और वहां से चली गईं। मुर्तजा ने किसी तरह अपने छोटे भाई आसिफ को फोन कर घटना की जानकारी दी।

सईद अपने अन्य बेटों और पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचा। मुर्तजा को पहले एक नर्सिंग होम ले जाया गया, जहां हालत बिगड़ने पर उसे सरकारी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि फरहाना के भाई, शाहरुख और हैदर अस्पताल में मुर्तजा से मिलने पहुंचे और मुर्तजा को धमकाते हुये प्लॉट अपनी बहन के नाम करने के लिये कहा।

सईद के अनुसार, अस्पताल में भर्ती होने से पहले मुर्तजा ने अपने मोबाइल फोन पर एक वीडियो भी रिकॉर्ड किया था, जिसमें उसने कथित घटना का विवरण दिया है।

सईद ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर उसने अदालत का रुख किया।

थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने फरहाना, उसकी बहन खिली, शाहरुख और हैदर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

भाषा सं जफर रंजन

रंजन