चंडीगढ़, 15 अक्टूबर (भाषा) पंजाब में अवैध हथियारों की आपूर्ति करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करने के साथ ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘एक बड़ी सफलता के तहत, एसएएस नगर पुलिस ने अवैध हथियार आपूर्ति गिरोह का भंडाफोड़ करने के साथ ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें हरियाणा का एक हथियार आपूर्तिकर्ता भी शामिल है। पुलिस ने एक ग्लॉक समेत 10 अत्याधुनिक पिस्तौल और कारतूस भी बरामद किए हैं।’’
यादव ने शुरुआती जांच के हवाले से बताया कि आरोपी कथित तौर पर देश के अंदरूनी इलाकों से देसी हथियारों की तस्करी कर रहे थे और उन्हें मोटा मुनाफा कमाने के लिए कॉलेज जाने वाले युवाओं को बेच रहे थे। उन्होंने कहा कि आरोपियों के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। अवैध हथियार आपूर्ति नेटवर्क से जुड़े सभी संपर्कों का पता लगाने और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के लिए आगे की जांच की जा रही है।
भाषा तान्या नरेश
नरेश