न्यूयॉर्क, 15 अक्टूबर (एपी) वेनेजुएला के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी बृहस्पतिवार को न्यूयॉर्क की एक अदालत में पेश होंगे। उन पर संशोधित अभियोग में राज्य प्रायोजित दमन अभियान चलाने का आरोप लगाया गया है, जिसके तहत दर्जनों लोगों को प्रताड़ित किया गया, जिनमें तीन अमेरिकी नागरिक भी शामिल हैं।
मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस के मैनहट्टन की संघीय अदालत में अपने खिलाफ लगाए गए नए आरोपों को खारिज करते हुए खुद को निर्दोष बताने की उम्मीद है। ये आरोप कुछ महीने पहले दोनों के खिलाफ मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में लगाए गए अभियोग में जोड़े गए हैं। अमेरिकी सेना ने जनवरी में रात के समय की गई एक कार्रवाई में कराकस स्थित उनके आवास से दोनों को हिरासत में लिया था।
आरोपों की घोषणा पिछले सप्ताह किए जाने पर मादुरो के वकील बैरी पोलाक ने कहा था कि 63 वर्षीय मादुरो इन आरोपों से इनकार करते हैं और ‘‘अदालत में अपना पक्ष रखने के अवसर का इंतजार कर रहे हैं।’’
संशोधित अभियोग के अनुसार, मादुरो ने यातना देने की एक हिंसक व्यवस्था की निगरानी की, जिसके तहत पीड़ितों को पीटा जाता था, उनका दम घोंटा जाता था और उन्हें बिजली के झटके दिए जाते थे। उन पर व्यक्तिगत रूप से यातना देने के तरीकों की सिफारिश करने, विशिष्ट पीड़ितों के साथ किए जा रहे व्यवहार की जानकारी लेने और मनोवैज्ञानिक यातना के तौर पर एक कैदी के बच्चे को जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।
अभियोग में आरोप लगाया गया है कि 69 वर्षीय फ्लोरेस, जो पूर्व अटॉर्नी जनरल रह चुकी हैं, ने दमनकारी व्यवस्था विकसित करने में मदद की और कुछ विशिष्ट लोगों को प्रताड़ित करने के आदेश दिए।
मादुरो ने 2013 से जनवरी में पकड़े जाने तक वेनेजुएला के राष्ट्रपति के रूप में कार्य किया था। उनके खिलाफ विरोधियों पर कार्रवाई से जुड़े मानवता के खिलाफ अपराधों के आरोपों की अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (आईसीसी) कई वर्षों से जांच कर रहा है। मादुरो ने हमेशा किसी भी गलत काम करने से इनकार किया है।
इस साल की शुरुआत में मादुरो और उनकी पत्नी ने अमेरिका में मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में भी खुद को निर्दोष बताया था। उस मामले में आरोप लगाया गया था कि दोनों ने अमेरिका में बड़ी मात्रा में कोकीन पहुंचाने की साजिश रची थी।
उनके वकीलों का कहना है कि विदेशी देश के राष्ट्रपति और प्रथम महिला होने के कारण प्राप्त छूट के आधार पर यह मामला खारिज किया जाना चाहिए।
संशोधित अभियोग में यातना से जुड़े उन आरोपों को शामिल किया गया है, जो 2013 में मादुरो के सत्ता संभालने के समय से संबंधित हैं। उस वर्ष उन्होंने अपने राजनीतिक मार्गदर्शक ह्यूगो शावेज की जगह राष्ट्रपति पद संभाला था। शावेज की उसी वर्ष कैंसर से मृत्यु हो गई थी।
एपी मनीषा वैभव
वैभव