अमरावती, 15 अक्टूबर (भाषा) युवजन श्रमिक रायथू कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) प्रमुख वाई. एस. जगन मोहन रेड्डी ने कहा है कि मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर जारी विवाद के बीच कॉकराच जनता पार्टी (कॉजपा) नेताओं की गिरफ्तारी से कुछ हल नहीं होगा। उन्होंने चुनावी प्रक्रिया में ‘‘भरोसा बहाल’’ करने की मांग की।
कॉजपा के नेता सौरव दास और आशुतोष रांका को मंगलवार को कथित तौर पर शांति बनाए रखने के लिए भरे गए मुचलके का उल्लंघन करने और जंतर-मंतर पर अतिक्रमण करने के आरोप में गिरफ्तार कर तिहाड़ जेल भेज दिया गया। उस समय तक जंतर-मंतर को विरोध प्रदर्शन स्थल के रूप में अधिसूचित नहीं रखा गया था।
रेड्डी ने बुधवार देर रात सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘चुनावी प्रक्रिया में भरोसा बहाल किया जाना चाहिए। सौरव दास और आशुतोष रांका की गिरफ्तारी से कुछ हल नहीं होता, बल्कि इससे स्थिति और बिगड़ेगी।’’
पूर्व मुख्यमंत्री ने दास और रांका के प्रति सहानुभूति जताते हुए कहा, ‘‘प्रतिक्रिया देने के बजाय पहले से सक्रिय होकर कदम उठाने से हमेशा बेहतर नतीजे मिलते हैं। व्यवस्था में एक खामी है, जिसे दूर करने की जरूरत है।’’
भाषा तान्या रंजन
रंजन