मुंबई, 15 अक्टूबर (भाषा) मुंबई पुलिस ने आप्रवास और विदेशियों विषयक अधिनियम के प्रावधानों के कथित उल्लंघन के मामले में बॉलीवुड अभिनेता एवं अमेरिकी नागरिक इमरान खान को 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का नोटिस जारी किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
यह कार्रवाई 10 अक्टूबर को मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में हुए एक विरोध प्रदर्शन में अभिनेता के भाग लेने के बाद की गई है, जहां प्रदर्शनकारी मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे थे।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने इमरान को थोड़ी देर के लिए हिरासत में भी लिया था।
कई हिंदी फिल्मों में अभिनय कर चुके इमरान खान (43) अभिनेता आमिर खान के भांजे हैं।
इमरान खान के विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग करने वाले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने पुलिस के इस कदम का स्वागत किया है।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘इमरान खान के पास विदेशी नागरिकता है और वह भारतीय नागरिक नहीं हैं। आप्रवास और विदेशियों विषयक अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत किसी भी विदेशी नागरिक को भारत में राजनीतिक विरोध प्रदर्शनों या राजनीतिक गतिविधियों में हिस्सा लेने की अनुमति नहीं है।’’
पुलिस ने बताया कि अभिनेता को 28 अक्टूबर तक देश छोड़ने का औपचारिक नोटिस दे दिया गया है और उन्होंने इसकी प्रति प्राप्त कर ली है।
उसने बताया कि इस मामले में प्रशासनिक कार्यवाही जारी है।
इस मामले में अभिनेता की प्रतिक्रिया फिलहाल नहीं मिल पाई है।
उन्होंने 'आई हेट लव स्टोरीज’ (2010) और ‘मेरे ब्रदर की दुल्हन’ (2011) सहित कई फिल्मों में अभिनय किया है। उन्होंने हाल में आमिर खान के बैनर तले बनी बॉलीवुड फिल्म ‘हैप्पी पटेल: खतरनाक जासूस’ में संक्षिप्त भूमिका निभाई थी।
पिछले सप्ताह हुए आंदोलन के बाद एक वीडियो सामने आया था, जिसमें अभिनेता ने पुलिस वाहन की ओर ले जाए जाने के दौरान एक पत्रकार के सवाल का जवाब देते हुए कहा था, ‘‘मेरी कोई मांग नहीं है। मैं किसी संगठन का हिस्सा नहीं हूं।’’
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने इमरान खान के ‘‘विदेशी नागरिक’’ होने के बावजूद कॉकरोच जनता पार्टी का समर्थन करते हुए प्रदर्शन में शामिल होने पर अभिनेता के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी और मुंबई पुलिस से यह स्पष्ट करने का आग्रह किया था कि क्या कोई विदेशी नागरिक ऐसे आंदोलनों में भाग ले सकता है।
भाजपा नेता ने बृहस्पतिवार को अभिनेता के खिलाफ पुलिस कार्रवाई का स्वागत किया और मांग की कि इसी तरह की गतिविधियों में शामिल अन्य लोगों को भी देश से निर्वासित किया जाना चाहिए।
सोमैया ने अपनी शिकायत पर कार्रवाई के लिए पुलिस का धन्यवाद करते हुए संवाददाताओं से कहा, ‘‘भारत में ऐसे हजारों इमरान खान हैं। वे यहां रहना चाहते हैं और देश को बदनाम करते हैं। ऐसे सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए और उन्हें निर्वासित किया जाना चाहिए।’’
उन्होंने कहा कि अभिनेता के प्रदर्शन में शामिल होने के बाद उन्होंने केंद्र सरकार के आव्रजन अधिकारियों, हवाई अड्डा प्राधिकरण और मुंबई पुलिस से शिकायत की थी तथा महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से भी मामले में हस्तक्षेप करने का आग्रह किया था।
सोमैया ने कहा, ‘‘मैंने शनिवार को शिकायत दर्ज कराई और रविवार को यह जानना चाहा कि उस पर क्या कार्रवाई की गई है। मैंने सूचना मांगी थी कि इमरान खान कब से अमेरिकी नागरिक हैं।’’
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि अभिनेता का जन्म और शिक्षा अमेरिका में हुई, लेकिन उन्होंने भारत में रहकर आजीविका कमाई और साथ ही ‘‘सरकार का विरोध करने वाली राजनीतिक गतिविधियों में भाग लिया।’’
भाषा खारी वैभव
वैभव