तिरुवनंतपुरम, 15 अक्टूबर (भाषा) केरलम के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता और पार्षद आर. श्रीलेखा की आलोचना करते हुए कहा कि उन्हें ‘‘कुछ गंभीर समस्याएं’’ हैं।
चेन्निथला ने यह टिप्पणी कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ श्रीलेखा के बयान और मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन तूफान’ की आलोचना के संदर्भ में की।
कांग्रेस नेता पुन्नालूर में पार्टी के एक कार्यक्रम के दौरान श्रीलेखा की हालिया टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया दे रहे थे।
श्रीलेखा ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ राहुल गांधी के विरोध प्रदर्शन की आलोचना करते हुए उनके व्यवहार की तुलना मादक पदार्थों के नशे में व्यक्ति की उन्मादी हरकतों से की थी।
प्रदेश की पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) रह चुकी श्रीलेखा ने ‘ऑपरेशन तूफान’ की विश्वसनीयता पर भी सवाल उठाए थे।
चेन्निथला ने कहा कि उच्च पदों पर रह चुके लोगों को सेवानिवृत्ति के बाद भी अपने पद की गरिमा का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि ‘ऑपरेशन तूफान’ में किसी भी तरह की गड़बड़ी होने पर जनता का ध्यान जरूर जाएगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि श्रीलेखा ने अपनी टिप्पणियों से राहुल गांधी का अपमान किया है।
चेन्निथला ने कहा कि श्रीलेखा कभी इस्तीफा देती हैं और कभी उसे वापस ले लेती हैं।
उन्होंने श्रीलेखा से राहुल गांधी के खिलाफ दिए गए बयान वापस लेने और माफी मांगने की मांग की।
उन्होंने राहुल गांधी को कांग्रेस का प्रमुख नेता और लोकसभा में विपक्ष का नेता बताते हुए कहा कि देश के लोग उनका सम्मान करते हैं।
श्रीलेखा के खिलाफ दर्ज शिकायत के बारे में पूछे जाने पर चेन्निथला ने कहा कि कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
केरलम की भारतीय पुलिस सेवा की पहली महिला अधिकारी श्रीलेखा भाजपा में शामिल होने से पहले डीजीपी पद से सेवानिवृत्त हुई थीं। वह फिलहाल तिरुवनंतपुरम नगर निगम के शास्तमंगलम वार्ड की पार्षद हैं।
भाषा तान्या रंजन
रंजन