Breaking News

पंजाब में आज से 3 लाख सरकारी कर्मचारी 'हड़ताल' पर, दफ्तरों से बस सेवाओं तक पड़ेगा असर     |   एशियाई पैरा खेलों में प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड, बंटी ने जीता सिल्वर     |   ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल रैली का किया ऐलान     |   एशियाई पैरा खेलों में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 इवेंट में जीता गोल्ड     |   सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ीं, दूसरा केस भी क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर     |  

अपने स्टंट खुद करने पर अभिनेता सिल्वेस्टर स्टेलोन बोले- ‘मैं बेवकूफ था’

लॉस एंजिलिस, 15 अक्टूबर (भाषा) हॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता सिल्वेस्टर स्टेलोन का कहना है कि उन्हें फिल्मों में अपने स्टंट खुद करना जारी नहीं रखना चाहिए था, क्योंकि चोटों के बाद वह कभी पहले जैसे नहीं रह पाए।

‘रॉकी’ फिल्म से मशहूर हुए स्टेलोन ने हाल ही में ‘फॉक्स न्यूज डिजिटल’ को दिए एक साक्षात्कार में कहा कि अपने एक्शन करियर को लेकर उन्हें ‘‘लाखों, लाखों पछतावे’’ हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं चोटों के बारे में आधे घंटे तक बात कर सकता हूं। चोटें इतनी ज्यादा लगी हैं कि सिर्फ एक चोट की बात नहीं है। मैं अलग-अलग चोटों के बारे में 30 मिनट तक बात कर सकता हूं, क्योंकि इनका असर एक-दूसरे पर भी पड़ता है। मुझे कई बार चोट लगी है, लेकिन फिल्म ‘एक्सपेंडेबल्स’ के बाद मेरी पीठ के नौ ऑपरेशन हुए और गर्दन की हड्डियों को जोड़ने के लिए तीन सर्जरी करानी पड़ीं। दोनों कंधे बुरी तरह चोटिल हुए, आंख में भी समस्या हुई और लेंस सहित कई तरह की चीजें लगानी पड़ीं। यह सब बेहद तकलीफदेह रहा है।’’

स्टेलोन ने कहा कि 2010 में आई एक्शन फिल्म ‘एक्सपेंडेबल्स’ की शूटिंग के दौरान एक स्टंट गलत हो जाने के बाद उन्हें कई सर्जरी करानी पड़ीं और तब से वह कभी पूरी तरह पहले जैसे नहीं हो पाए। इस फिल्म में उनके साथ जेसन स्टैथम और मिकी राउर्क भी थे।

स्टंट के दौरान स्टेलोन के कंधे अपनी जगह से खिसक गए थे और गर्दन में फ्रैक्चर हो गया था। इसके बाद उन्हें पीठ की सात से अधिक सर्जरी करानी पड़ीं।

स्टेलोन ने कहा, ‘‘दिखावा करने या अपनी काबिलियत का प्रदर्शन करने की कोशिश न करें। मैं जानता हूं कि बहुत से लोग स्टंट करने के बारे में सोचते हैं... ऐसा मत कीजिए। बिल्कुल मत कीजिए। यह काम पेशेवर लोगों को करने दीजिए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘आप गुरुत्वाकर्षण को मात नहीं दे सकते। जब आप जमीन पर गिरते हैं, तो हार आपकी ही होती है और इसका असर बाद में भी सामने आता है। दुनिया के किसी भी फुटबॉल खिलाड़ी से पूछ लीजिए। लोग पूछते हैं, ‘क्या आपको अपने किए पर गर्व नहीं है?’ नहीं। मुझे लगता है कि ऐसा करने के लिए मैं बेवकूफ था। मुझे इस बात पर गर्व है कि मैंने अपने शरीर के टुकड़े-टुकड़े कर लिए। यह कैसी बात हुई!’’

अस्सी वर्षीय अभिनेता, निर्देशक और लेखक स्टेलोन ने पिछले महीने अपना संस्मरण ‘द स्टेप्स’ जारी किया था।

भाषा वैभव

वैभव