नालंदा, 15 अक्टूबर (भाषा) बिहार के नालंदा जिले में बुधवार देर रात शराब तस्करों को पकड़ने गई उत्पाद विभाग की टीम पर हुई गोलीबारी में एक सिपाही की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मृतक सिपाही की पहचान अजीत कुमार के रूप में हुई है। उसने बताया कि गोली लगने से गंभीर रूप से घायल अजीत कुमार को पहले पावापुरी स्थित भगवान महावीर आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें हालत नाजुक होने पर पटना के एक अस्पताल में रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
उत्पाद अधीक्षक संजय कुमार चौधरी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पटना मुख्यालय के उत्पाद खुफिया ब्यूरो (ईआईबी) को गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड से शराब की बड़ी खेप नालंदा लाई जा रही है।
उन्होंने बताया कि इसके बाद पटना से पहुंची ईआईबी की विशेष टीम ने राजगीर में तैनात उत्पाद विभाग के एक अवर निरीक्षक और स्थानीय टीम के साथ मिलकर तस्करों का पीछा किया।
चौधरी ने बताया कि पावापुरी-गिरियक इलाके में राजमार्ग पर एक फ्लाईओवर के पास टीम ने एक पिकअप वैन को रोकने और घेरने की कोशिश की लेकिन इसी दौरान तस्करों ने पुलिस दल पर अचानक गोली चला दी।
उन्होंने बताया कि सिपाही अजीत कुमार गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए।
गोलीबारी के बाद मची अफरातफरी का फायदा उठाकर शराब तस्कर पिकअप वैन के साथ मौके से फरार हो गए।
उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि घटना के बाद उत्पाद विभाग और जिला पुलिस की टीम हमलावरों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर मिलकर छापेमारी कर रही हैं।
भाषा सं कैलाश सिम्मी
सिम्मी