पेशावर, 15 अक्टूबर (भाषा) पाकिस्तान के पेशावर शहर में बृहस्पतिवार को एक निजी स्कूल की छत गिरने से कम से कम 17 बच्चों और एक शिक्षिका की मौत हो गई तथा 30 से अधिक लोग घायल हो गए। मीडिया की एक खबर में यह जानकारी दी गई है।
‘द एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ अखबार ने लेडी रीडिंग अस्पताल (एलआरएच) के प्रवक्ता मुहम्मद आसिम के हवाले से बताया कि हादसे में मारे गए सभी बच्चों की उम्र 13 वर्ष या उससे कम थी।
प्रवक्ता ने बताया कि अस्पताल में आपात स्थिति घोषित कर दी गई है। अस्पताल प्रशासन घायलों के उपचार की निगरानी के लिए ट्रॉमा वार्ड में मौजूद था। उन्होंने कहा कि घायलों में से कुछ की हालत गंभीर है।
बचाव अभियान के लिए ‘रेस्क्यू 1122’ की एंबुलेंस और आपदा राहत वाहन घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
मलबे में और लोगों के फंसे होने की आशंका के मद्देनजर उनकी तलाश के लिए अभियान जारी है। इससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
भाषा मनीषा
मनीषा