Breaking News

पंजाब में आज से 3 लाख सरकारी कर्मचारी 'हड़ताल' पर, दफ्तरों से बस सेवाओं तक पड़ेगा असर     |   एशियाई पैरा खेलों में प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड, बंटी ने जीता सिल्वर     |   ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल रैली का किया ऐलान     |   एशियाई पैरा खेलों में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 इवेंट में जीता गोल्ड     |   सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ीं, दूसरा केस भी क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर     |  

मैसूरु दशहरा में देवी चामुंडेश्वरी की स्वर्ण हौदा लेकर चलेगा हाथी प्रशांत

मैसूरु, 14 अक्टूबर (भाषा) कर्नाटक के प्रसिद्ध मैसूरु दशहरा उत्सव के दौरान इस साल ‘जंबू सवारी’ शोभायात्रा में स्वर्ण अंबारी (हौदा) उठाने के लिए 54 वर्षीय हाथी प्रशांत को चुना गया है। मैसूरु जिले के प्रभारी मंत्री यतींद्र सिद्धरमैया ने बुधवार को यह जानकारी दी।

सिद्धरमैया ने मैसूरु पैलेस बोर्ड में बुधवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा कि प्रशांत 18 वर्ष से दशहरा उत्सव में हिस्सा ले रहा है तथा उसे उसके शांत स्वभाव और अनुभव के आधार पर चुना गया है।

सजे-धजे 12 हाथियों की ‘जंबू सवारी’ शोभायात्रा 21 अक्टूबर को निकाली जाएगी, जिसमें हजारों लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। इस दौरान प्रशांत अपनी पीठ पर 750 किलोग्राम वजनी स्वर्ण अंबारी लेकर चलेगा, जिसमें मैसूरु और वहां के राजपरिवार की आराध्य देवी चामुंडेश्वरी की प्रतिमा रखी जाएगी।

यतींद्र ने कहा, ‘‘प्रशांत को चुनने से पहले दशहरा उत्सव में उसके अनुभव, स्वर्ण अंबारी उठाने के लिए उसकी पीठ की बनावट, प्रशिक्षण के दौरान वजन उठाने की क्षमता, अन्य हाथियों के साथ चलते समय उसके व्यवहार और महावतों एवं देखभाल करने वालों के निर्देशों पर उसकी प्रतिक्रिया का विस्तृत आकलन किया गया।’’

उन्होंने बताया कि हाथी महेंद्र को भार उठाने का प्रशिक्षण पूरा नहीं कर पाने के कारण पहले ही दौड़ से बाहर कर दिया गया था। छह बार स्वर्ण हौदा ले जा चुके अभिमन्यु को इस साल यह जिम्मेदारी नहीं दी जाएगी, क्योंकि उसकी उम्र 60 वर्ष हो गई है।

किसी आपात स्थिति में प्रशांत की जगह लेने के लिए धनंजय नामक हाथी को तैयार किया गया है। अभिमन्यु ‘निशाने’ हाथी के रूप में शोभायात्रा का नेतृत्व करेगा, जबकि गोपी ‘नौपत’ हाथी की भूमिका निभाएगा।

हथिनियां कावेरी और रूपा ‘कुमकी’ के रूप में प्रशांत के दोनों ओर चलेंगी। एकलव्य, सुग्रीव, लक्ष्मी, श्रीकांत, श्रीराम और महेंद्र भी शोभायात्रा में शामिल होंगे।

मंत्री ने कहा कि सरकार ने हाथियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। पशु चिकित्सकों की निगरानी में हाथियों को पर्याप्त आराम, पौष्टिक भोजन और जरूरी देखभाल मुहैया कराई जा रही है।

यतींद्र ने यह भी बताया कि केरलम और तेलंगाना के मुख्यमंत्रियों ने अतिथि के रूप में उत्सव में शामिल होने पर सहमति जताई है। उनके अलावा कर्नाटक और अन्य स्थानों की करीब 40 फिल्मी हस्तियों के भी समारोह में शामिल होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि राज्य के इस उत्सव को भव्य स्तर पर आयोजित करने की तैयारियां जारी हैं।

भाषा सिम्मी

सिम्मी