हैदराबाद, 15 अक्टूबर (भाषा) वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज कीमो पॉल ने कहा कि उनके गेंदबाजों ने यहां चौथे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में भारत पर 24 रन की जीत के दौरान थोड़ी ग्रिप वाली पिच पर धीमी गेंदों का बहुत अच्छा इस्तेमाल किया।
वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए तीन विकेट पर 247 रन बनाए जिसके जवाब में भारत 223 रन पर आउट हो गया। पॉल ने पांच विकेट लिए।
पॉल ने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमें अपने बल्लेबाजों से यही फीडबैक मिला कि विकेट बल्लेबाजी के लिए अच्छा है लेकिन एक-दो गेंद ग्रिप कर रही हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘गेंदबाज के रूप में धीमी गेंदों ने यहां हमारी मदद की। अन्य मैदानों पर हमें ज्यादा ग्रिप नहीं मिल रही थी, लेकिन यहां यह कारगर साबित हुई।‘‘
पॉल ने कहा, ‘‘हमारी रणनीति जितना संभव हो सके उतना विकेट टू विकेट गेंदबाजी करनी है और जब वह बड़े शॉट खेलने का प्रयास करें तो तब यॉर्कर फेंकें।’’
पॉल ने कहा कि ओस नहीं होने से भी उनके गेंदबाजों को मदद मिली।
उन्होंने कहा, ‘‘इस श्रृंखला में कुछ बड़े स्कोर का पीछा किया गया है, लेकिन मुझे लगता है कि एक अहम कारण यह है कि हैदराबाद में ओस नहीं थी। ओस होने पर दूसरी पारी में गेंदबाजी करने वाली टीम के लिए काफी मुश्किल हो जाती है। पिछले मैच और इस मैच में ओस नहीं थी। मुझे लगता है कि हमने अपनी रणनीति पर अच्छी तरह से अमल किया।’’
पॉल ने कहा कि उनकी टीम शनिवार को बेंगलुरु में होने वाले पांचवें और अंतिम मैच में भी सकारात्मक सोच के साथ मैदान पर उतरेगी।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे लिए हर मैच एक जैसा होता है। चाहे हम पहले बल्लेबाजी करें या बाद में। हम यथासंभव सकारात्मक रहने की कोशिश करते हैं। इन विकेटों पर बड़ा स्कोर बनाना काफी मायने रखता है।’’
भाषा
पंत
पंत