Breaking News

पंजाब में आज से 3 लाख सरकारी कर्मचारी 'हड़ताल' पर, दफ्तरों से बस सेवाओं तक पड़ेगा असर     |   एशियाई पैरा खेलों में प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड, बंटी ने जीता सिल्वर     |   ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल रैली का किया ऐलान     |   एशियाई पैरा खेलों में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 इवेंट में जीता गोल्ड     |   सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ीं, दूसरा केस भी क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर     |  

सैमसन ने वेस्टइंडीज से हार के बाद गेंदबाजों का बचाव किया

हैदराबाद, 15 अक्टूबर (भाषा) भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने बुधवार को वेस्टइंडीज के हाथों चौथे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 24 रन से मिली हार के बाद गेंदबाजों का बचाव करते हुए कहा कि उभरते हुए तेज गेंदबाज अनुभव हासिल करने के साथ बेहतर होते जाएंगे।

वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किए जाने के बाद तीन विकेट पर 247 रन बनाए जिसके जवाब में भारतीय टीम 19.3 ओवर में 223 रन पर आउट हो गई। वेस्टइंडीज की तरफ से कप्तान शाई होप ने 50 गेंदों पर नाबाद 102 रन बनाए और कीमो पॉल ने पांच विकेट लिए जिससे वह पांच मैचों की श्रृंखला को 2-2 से बराबर करने में सफल रहा।

सैमसन ने स्वीकार किया कि भारत के पास जसप्रीत बुमराह का कोई विकल्प नहीं है जिन्हें विश्राम दिया गया है।

उन्होंने मैच के बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘उनके जैसे गेंदबाज विरले ही पैदा होते हैं और हम भाग्यशाली हैं कि हमारे पास उनके जैसा गेंदबाज है। लेकिन हमारे पास कुछ अच्छे युवा तेज गेंदबाज हैं। अर्शदीप सिंह शानदार प्रदर्शन कर रहा है और पिछले कुछ मैचों में प्रिंस यादव की गेंदबाजी बेहद प्रभावशाली रही है।’’

सैमसन ने कहा, ‘‘हमारे पास वास्तव में कुछ प्रतिभाशाली गेंदबाज हैं और हम उन्हें जितना अधिक खेलने का मौका देंगे उतना ही वह बेहतर होते जाएंगे।’’

भारतीय गेंदबाज वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों पर अंकुश लगाने में नाकाम रहे। मयंक यादव और अर्शदीप सिंह ने अपने-अपने चार ओवरों में 52-52 रन लुटाए। भारतीय पारी के आखिरी ओवर में शमर जोसेफ की शॉर्ट पिच गेंद अर्शदीप की बाई बांह पर लगी जिसके कारण उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा।

सैमसन ने होप की पारी की प्रशंसा करते हुए कहा कि वेस्टइंडीज के कप्तान ने संयम के साथ बल्लेबाजी की।

उन्होंने कहा, ‘‘वह बहुत अच्छी बल्लेबाजी कर रहा है। जिस तरह से वह खेल रहा है उसका पूरा श्रेय उसे जाता है। हम निश्चित तौर पर उस पर अंकुश लगाने के तरीके ढूंढ रहे हैं।’’

सैमसन ने बड़े लक्ष्य के सामने भारत को अच्छी शुरुआत दिलाई तथा 23 गेंद पर 56 रन बनाए, जिसमें छह चौके और चार छक्के शामिल थे। कीमो पॉल ने पांचवें ओवर में सैमसन और ईशान किशन को आउट कर दिया, जिसके बाद वेस्टइंडीज ने मैच पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली।

सैमसन ने कहा कि तिलक वर्मा का आउट होना निर्णायक साबित हुआ क्योंकि तब भारत मुकाबले में बना हुआ था। तिलक ने 25 गेंदों में 43 रन बनाए।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि तिलक का आउट होना निर्णायक मोड़ था क्योंकि तब वह अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे। तिलक और नीतीश कुमार रेड्डी गेंदबाजों पर दबाव बना रहे थे।’’

सैमसन ने ईशान किशन और अभिषेक शर्मा का भी समर्थन किया जो इस मैच में अपना प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे।

उन्होंने कहा, ‘‘ईशान और अभिषेक शर्मा दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में शामिल हैं। एक मैच में नहीं चलने से उन्हें कम करके नहीं आंका जा सकता।’’

सैमसन ने कहा कि टीम शनिवार को बेंगलुरु में होने वाले पांचवें और निर्णायक मैच में वापसी करके श्रृंखला जीतने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा, ‘‘अभी श्रृंखला बराबरी पर है और अब सब कुछ बेंगलुरु में होने वाले मैच पर निर्भर करता है। हमारी टीम आत्मविश्वास से भरी है और वापसी के लिए प्रतिबद्ध है। वेस्टइंडीज की तारीफ करनी होगी कि उसने भारत आकर दबदबा बनाया।’’

भाषा

पंत

पंत