त्रिशूर (केरल), 15 अक्टूबर (भाषा) त्रिशूर के वलप्पाड में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और चार वर्षीय बेटे की कथित तौर पर हत्या करने के बाद आत्महत्या का प्रयास किया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
मृतकों की पहचान नात्तिका निवासी विस्मया (24) और उसके बेटे दक्षिण के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि यह घटना बुधवार देर रात करीब साढ़े 12 बजे वलप्पाड बीच के पास स्थित विस्मया के घर पर हुई।
प्राथमिकी के अनुसार, विजीश (44) ने विस्मया के किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध होने के संदेह में इस वारदात को कथित तौर पर अंजाम दिया।
प्राथमिकी में कहा गया कि आरोपी विस्मया की हत्या के इरादे से 15 अक्टूबर को देर रात करीब साढ़े 12 बजे शयनकक्ष में गया और सर्जरी में इस्तेमाल होने वाले ब्लेड जैसे धारदार हथियार से गला रेतकर उसने अपनी पत्नी एवं दक्षिण की हत्या कर दी।
इसके बाद विजीश ने खुद को चोट पहुंचाकर आत्महत्या का प्रयास किया।
पुलिस ने बताया कि उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया। बाद में उसे त्रिशूर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, विजीश ट्रक चालक है और सप्ताह में एक या दो बार अपनी पत्नी से मिलने आता था।
पुलिस ने बताया कि दंपती की शादी सात साल पहले हुई थी।
वलप्पाड पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और घटना की जांच कर रही है।
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।
भाषा खारी सिम्मी
सिम्मी