Breaking News

पंजाब में आज से 3 लाख सरकारी कर्मचारी 'हड़ताल' पर, दफ्तरों से बस सेवाओं तक पड़ेगा असर     |   एशियाई पैरा खेलों में प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड, बंटी ने जीता सिल्वर     |   ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल रैली का किया ऐलान     |   एशियाई पैरा खेलों में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 इवेंट में जीता गोल्ड     |   सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ीं, दूसरा केस भी क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर     |  

महाराष्ट्र के बीड में रिश्वत मांगने के आरोप में शिक्षा अधिकारी और शिक्षक गिरफ्तार

बीड, 15 अक्टूबर (भाषा) महाराष्ट्र के बीड जिले में एक स्कूल के प्रधानाध्यापक के खिलाफ जांच के सिलसिले में अनुकूल रिपोर्ट देने के लिए कथित तौर पर 40,000 रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने एक शिक्षा अधिकारी और एक शिक्षक को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

एसीबी के मुताबिक, कैज तहसील के एक उच्च प्राथमिक विद्यालय के 57 वर्षीय प्रधानाध्यापक को अगस्त में शालार्थ वेतन भुगतान प्रणाली के जरिए ऑनलाइन बिलिंग में कथित अनियमितताओं को लेकर खंड शिक्षा अधिकारी की ओर से नोटिस मिला था। इन आरोपों की जांच के लिए एक शिक्षा विस्तार अधिकारी नियुक्त किया गया था।

भ्रष्टाचार निरोधक एजेंसी ने बताया कि प्रधानाध्यापक नौ अक्टूबर को शिक्षा विस्तार अधिकारी के पास पहुंचे, तो अधिकारी ने कथित तौर पर जांच में अनुकूल रिपोर्ट देने के बदले 40,000 रुपये की रिश्वत मांगी।

रिश्वत देने के इच्छुक नहीं होने पर प्रधानाध्यापक ने बुधवार को एसीबी की जालना इकाई में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर एसीबी ने कैज खंड शिक्षा कार्यालय में जाल बिछाया और कथित तौर पर जिला परिषद के एक स्कूल में कार्यरत 50 वर्षीय सहायक शिक्षक को रंगे हाथ पकड़ लिया। शिक्षक को शिक्षा विस्तार अधिकारी के निर्देश पर प्रधानाध्यापक से रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 20,000 रुपये लेते हुए पकड़ा गया।

एसीबी ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

भाषा वैभव

वैभव