भदोही (उप्र), 15 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद ने निषाद समुदाय को ‘‘24 कैरेट का राष्ट्रवादी’’ बताते हुए उसे अनुसूचित जाति में शामिल कर जाति प्रमाणपत्र जारी करने की बुधवार को मांग की।
दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में 21 अक्टूबर को प्रस्तावित महारैली के सिलसिले में भदोही पहुंचे निषाद ने कहा कि रैली में निषाद समुदाय को अनुसूचित जाति में शामिल कर आरक्षण का लाभ दिलाने की मांग प्रमुखता से उठाई जाएगी।
उन्होंने कहा, ‘‘समुदाय गरीब हैं, लेकिन वे 24 कैरेट वफादार और राष्ट्रवादी हैं।’’
निषाद ने आरोप लगाया कि कुछ नेताओं की ‘‘नासमझी’’ के कारण समुदाय अपने अधिकारों से वंचित रह गया।
उत्तर प्रदेश में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के चुनाव लड़ने के सवाल पर निषाद ने कहा, ‘‘यह हैदराबाद नहीं है। जब तक वे उत्तर प्रदेश को समझेंगे, तब तक चुनाव हो चुका होगा।’’
उन्होंने असदुद्दीन ओवैसी के नेतृत्व वाली एआईएमआईएम को ‘‘उन्मादी’’ करार देते हुए कहा कि देश में ऐसे लोगों की जरूरत नहीं है।
भाषा सं सलीम खारी
खारी