Breaking News

पंजाब में आज से 3 लाख सरकारी कर्मचारी 'हड़ताल' पर, दफ्तरों से बस सेवाओं तक पड़ेगा असर     |   एशियाई पैरा खेलों में प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड, बंटी ने जीता सिल्वर     |   ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल रैली का किया ऐलान     |   एशियाई पैरा खेलों में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 इवेंट में जीता गोल्ड     |   सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ीं, दूसरा केस भी क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर     |  

नोएडा में मुठभेड़ के बाद शातिर बदमाश गिरफ्तार

नोएडा (उत्तर प्रदेश), 15 अक्टूबर (भाषा) नोएडा पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में लूटपाट और चोरी की वारदातों में लिप्त एक शातिर बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान सेक्टर-63 निवासी शुभम उर्फ शिवम के रूप में हुई है जिसके खिलाफ एनसीआर के विभिन्न थानों में 16 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

अपर पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि सेक्टर-63 थाना पुलिस बुधवार आधी रात को गढ़ी गोल चक्कर के पास वाहनों की जांच कर रही थी तभी सर्विस लेन की ओर से बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल पर आ रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को रुकने का इशारा किया गया।

उन्होंने बताया कि रुकने के बजाय आरोपी मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगा। पुलिस ने उसे घेर लिया। खुद को घिरा देखकर बदमाश ने पुलिस दल पर गोली चला दी।

सिंह ने बताया कि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अपर पुलिस उपायुक्त ने बताया कि आरोपी के पास से चोरी की एक मोटरसाइकिल, एक देसी तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ लूटपाट, हत्या के प्रयास, चोरी और अवैध हथियार रखने सहित विभिन्न आरोपों में पहले से 16 मुकदमे दर्ज हैं।

भाषा सं खारी

खारी