नयी दिल्ली, 14 अक्टूबर (भाषा) विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने बुधवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) को ‘‘आतंकवादी’’ बताने वाली कांग्रेस नेता पवन खेड़ा की कथित टिप्पणी को लेकर उनकी आलोचना की। विहिप ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ‘‘अराजक तत्वों का गिरोह’’ बनकर रह गई है और आतंकवादियों का संरक्षण देती है।
सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर खेड़ा की एक पोस्ट का जवाब देते विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने लिखा, ‘‘इसमें आपकी कोई गलती नहीं है, पवन खेड़ा जी। जब पूरी पार्टी अराजक तत्वों के गिरोह में तब्दील हो जाए और मानसिक दिवालियापन का शिकार हो जाए, तो उसके मीडिया एवं प्रचार प्रमुख से अपनी भाषा की मर्यादा और तथ्यों की समझ बनाए रखने की उम्मीद कैसे की जा सकती है?’’
उन्होंने कहा, ‘‘वैसे भी, जिस पार्टी ने अपना पूरा जीवन आतंकवादियों को पालने-पोसने में बिताया हो, उसे हर जगह बस वही दिखाई देगा।’’
खेड़ा ने ‘एक्स’ पर एक कानूनी समाचार पोर्टल की पोस्ट के जवाब में टिप्पणी की थी। इस पोस्ट में मद्रास उच्च न्यायालय में दायर उस याचिका पर सुनवाई का उल्लेख किया गया था, जिसमें तमिलनाडु में आरएसएस के ‘पथ संचलन’ की अनुमति नहीं दिए जाने के फैसले को चुनौती दी गई थी।
पोस्ट में इस तरह के पथ संचलन के लिए बार-बार अनुमति देने से इनकार किए जाने पर अदालत द्वारा उठाए गए सवालों का उल्लेख किया गया था।
खेड़ा ने आरएसएस के संदर्भ में टिप्पणी करते हुए लिखा, “क्योंकि वे आतंकवादी हैं?”
भाषा प्रचेता प्रशांत
प्रशांत