फरीदाबाद, 14 अक्टूबर (भाषा) फरीदाबाद में पुराना खेड़ी मार्ग स्थित एक गोदाम में बिना वैध अनुमति के 7,270 किलोग्राम पटाखे कथित तौर पर रखे मिले। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि पटाखे बेचने का लाइसेंस 2025 में समाप्त हो जाने के बावजूद गोदाम संचालक वहां पटाखे जमा करके रखे हुए था।
पुलिस के अनुसार, ओल्ड फरीदाबाद के सैयदवाड़ा निवासी आरोपी हेमंत वाधवा ने यह गोदाम किराये पर लिया हुआ था, जहां छापेमारी के दौरान पटाखे जब्त किए गए।
पुलिस ने बताया कि पटाखों के भंडारण और उसकी बिक्री के लिए वैध लाइसेंस या अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर पाने के बाद वाधवा के खिलाफ बीपीटीपी थाने में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने बताया कि पटाखों के अवैध निर्माण, भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए संदिग्ध स्थानों पर औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं।
भाषा प्रचेता प्रशांत
प्रशांत