चेन्नई, 14 अक्टूबर (भाषा) तमिलनाडु में सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके), उसकी प्रमुख सहयोगी कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन के अन्य घटक दल मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग और ‘‘लोकतंत्र की हत्या’’ के विरोध में बृहस्पतिवार को यहां सड़कों पर उतरेंगे।
तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी ने कहा कि ‘लोकतंत्र बचाओ’ प्रदर्शन का नेतृत्व उसके अध्यक्ष बी. मणिकम टैगोर करेंगे। इसमें पार्टी पदाधिकारियों के साथ-साथ ‘इंडिया’ गठबंधन के नेता भी हिस्सा लेंगे।
टीवीके तीन अक्टूबर 2026 को ‘इंडिया’ गठबंधन में शामिल हुई थी। इसके बाद यह पहला मौका होगा, जब पार्टी सीईसी को पद से हटाने की मांग को लेकर होने वाले प्रदर्शन में हिस्सा लेगी।
टैगोर ने कुछ दिन पहले कहा था कि टीवीके के गठबंधन में शामिल होने से राज्य में ‘इंडिया’ गठबंधन का विस्तार होगा और भाजपा विरोधी मोर्चे को काफी मजबूती मिलेगी।
उन्होंने टीवीके के गठबंधन में शामिल होने वाले दिन को विपक्षी एकजुटता के लिहाज से ‘‘ऐतिहासिक’’ बताया था। इसी अवसर पर उन्होंने घोषणा की थी कि एसआईआर और सीईसी से जुड़े मुद्दों पर 15 अक्टूबर को बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। इसमें तमिलनाडु से इंडिया गठबंधन के सभी सात घटक दलों के शीर्ष नेता हिस्सा लेंगे।
भाषा प्रचेता प्रशांत
प्रशांत