Breaking News

पंजाब में आज से 3 लाख सरकारी कर्मचारी 'हड़ताल' पर, दफ्तरों से बस सेवाओं तक पड़ेगा असर     |   एशियाई पैरा खेलों में प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड, बंटी ने जीता सिल्वर     |   ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल रैली का किया ऐलान     |   एशियाई पैरा खेलों में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 इवेंट में जीता गोल्ड     |   सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ीं, दूसरा केस भी क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर     |  

सत्तारूढ़ पक्ष के भीतर ‘युद्ध’, बिखर रहा है पूरा तंत्र : कांग्रेस

नयी दिल्ली, 14 अक्टूबर (भाषा) कांग्रेस ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) द्वारा पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को नागपुर में 20 अक्टूबर को होने वाले विजयादशमी समारोह में आमंत्रित किए जाने की खबर को लेकर बुधवार को दावा किया कि सत्तारूढ़ पक्ष का ‘‘पूरा तंत्र अब अपने भीतर ही युद्ध में उलझा है और बिखर रहा है।’’

पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि आरएसएस ने धनखड़ को अपने वार्षिक विजयादशमी समारोह में विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया है। संघ के नागपुर महानगर के 20 अक्टूबर के विजयादशमी कार्यक्रम में धनखड़ आमंत्रित अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि 21 जुलाई, 2025 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने ‘‘कुछ ही मिनटों के भीतर’’ धनखड़ को उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा देने के लिए मजबूर कर दिया था।

उल्लेखनीय है कि धनखड़ ने उस समय स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए पद से इस्तीफा दिया था।

रमेश ने कहा कि धनखड़ को तीन साल पहले सत्तारूढ़ पक्ष ने उपराष्ट्रपति निर्वाचित कराया था। उन्होंने दावा किया कि पूर्व उपराष्ट्रपति किसानों की मांगों की मोदी सरकार द्वारा लगातार ‘‘अनदेखी’’ किए जाने के मुखर आलोचक रहे थे।

कांग्रेस महासचिव ने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री पर निशाना साधते हुए यह आरोप भी लगाया कि धनखड़ को अब तक वह आवास आवंटित नहीं किया गया है, जिसके वह पूर्व उपराष्ट्रपति के तौर पर हकदार हैं।

रमेश ने आरएसएस के कार्यक्रम में धनखड़ को आमंत्रित किए जाने को सत्तारूढ़ पक्ष के भीतर कथित मतभेदों से जोड़ते हुए कहा, ‘‘स्पष्ट है कि पूरा तंत्र अपने भीतर ही युद्ध में उलझा हुआ है और बिखर रहा है।’’

भाषा हक प्रशांत

प्रशांत