Breaking News

पंजाब में आज से 3 लाख सरकारी कर्मचारी 'हड़ताल' पर, दफ्तरों से बस सेवाओं तक पड़ेगा असर     |   एशियाई पैरा खेलों में प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड, बंटी ने जीता सिल्वर     |   ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल रैली का किया ऐलान     |   एशियाई पैरा खेलों में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 इवेंट में जीता गोल्ड     |   सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ीं, दूसरा केस भी क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर     |  

कभी मेरे भी बच्चे होंगे: सलमान खान ने ‘कॉफी विद करण’ शो में कहा

मुंबई, 14 अक्टूबर (भाषा) अभिनेता सलमान खान ने करण जौहर के लोकप्रिय चैट शो ‘कॉफी विद करण’ में कहा कि वह शादी नहीं करने के अपने फैसले से खुश हैं, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि कभी उनके भी अपने बच्चे होंगे।

अभिनेता ने 2014 में इस शो में अपनी उपस्थिति के दौरान की गई अपनी टिप्पणी “मैं वर्जिन हूं” को भी फिर से याद किया।

‘कॉफी विद करण’ के नौवें और आखिरी सीजन में सलमान खान पहले मेहमान बने। इस सीजन का प्रसारण बुधवार से जियोहॉटस्टार के ‘पीकॉक हब’ पर शुरू हुआ।

जाने-माने फिल्म निर्माता निर्देशक करण जौहर के साथ बातचीत के दौरान सलमान ने शादी, पिता बनने, अकेलेपन, अपने कट्टर प्रशंसकों और समकालीन कलाकारों के साथ अपनी दोस्ती समेत कई मुद्दों पर बात की।

शो की शुरुआत में करण ने सलमान के करीबी दोस्त आमिर खान की तीसरी शादी का जिक्र किया। इस पर खान ने जवाब दिया, “मैं उनके लिए खुश हूं।”

जब 60 वर्षीय सलमान खान से शादी की योजना के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, “मैं ठीक हूं।’’

करण ने 2014 में हुई उनकी बातचीत का जिक्र करते हुए पूछा, ‘‘क्या आप अब भी वर्जिन हो?”

सलमान ने हंसते हुए कहा, “वह दरअसल यह कहने का एक तरीका था कि ‘करण, मैं इस बारे में बात नहीं करना चाहता।’ क्योंकि आप बार-बार कहते रहते हो कि आप फलां-फलां को डेट कर रहे हो... लेकिन मैं कभी भी अपनी निजी जिंदगी के बारे में बात नहीं करना चाहता।’’

उन्होंने कहा, ‘‘आप कभी नहीं जान सकते कि कौन-सा व्यक्ति ऐसा है जो पूरी जिंदगी आपके साथ रहने वाला है। और फिर वही व्यक्ति आगे चलकर किसी और से शादी कर लेता है। इसलिए, जब मैं 15-16 साल का था, तभी से यह बात मेरे दिमाग में बैठ गई थी।”

सलमान ने अपने पिता, जाने-माने लेखक सलीम खान की वह सलाह याद की, जो उन्होंने उन्हें कई साल पहले दी थी।

सलमान ने कहा, ‘‘मेरे पिता ने कहा था, ‘आपकी निजी जिंदगी आपका बेडरूम है और पूरा देश आपका लिविंग रूम है। जो आप लिविंग रूम में बोल सकते हो, वो पूरे देश में बोलो। और बेडरूम की बातें लिविंग रूम तक नहीं आनी चाहिए’।’’

बातचीत के दौरान, करण ने इस बात पर चर्चा की कि जीवनसाथी न होने के कारण उन्हें अकेलापन महसूस होता है।

सलमान ने जवाब देते हुए कहा कि फिल्म निर्माता के पास साथ देने के लिए उनके बच्चे और उनकी मां हैं।

उन्होंने कहा, “आप तब अकेले होते हैं, जब कोई आपके साथ रहना नहीं चाहता। करण, मुझे नहीं लगता कि लोग आपके साथ रहना नहीं चाहते।”

जब सलमान से पूछा गया कि क्या उन्हें अपने बच्चे न होने की कमी खलती है, तो उन्होंने कहा, ‘‘बेशक, कभी न कभी मेरे भी बच्चे होंगे।’’

करण जुड़वां बच्चों यश और रूही के पिता हैं। करण ने कहा कि बच्चे होना उनके जीवन का सबसे बड़ा वरदान है।

इस पर सलमान ने कहा कि वह फिल्म निर्माता करण के लिए खुश हैं।

सलमान ने कहा, ‘‘इसलिए आप कभी यह नहीं कह सकते कि आप अकेले हो। आपके दो प्यारे बच्चे हैं। वे बड़े होंगे और उनकी ‘गर्लफ्रेंड’ या ‘बॉयफ्रेंड’ होंगे। फिर उनकी शादी होगी और वे अपनी जिंदगी में व्यस्त हो जाएंगे। उनके भी बच्चे होंगे। करण, आप दादाजी बन जाओगे।’’

सलमान ने अपनी पीढ़ी के फिल्म सितारों—जिनमें अक्षय कुमार, अजय देवगन, आमिर खान और शाहरुख खान शामिल हैं—की सफलता के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा कि ये सभी सितारे अपने काम के प्रति पूरी तरह समर्पित रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘हम अपने काम में बहुत दिलचस्पी लेते हैं। हम अपने घरों से निकलकर शूटिंग सेट पर जाना चाहते हैं और अच्छा काम करना चाहते हैं। कभी हमारा काम अच्छा हो जाता है और कभी वैसा नहीं हो पाता।’’

भाषा

देवेंद्र प्रशांत

प्रशांत