गुरुग्राम, 14 अक्टूबर (भाषा) हरियाणा के गुरुग्राम में एक युवक उस समय अपहरणकर्ताओं के चंगुल से निकल कर भाग गया जब उसकी कार की टक्कर एक गाय से हो गयी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में महेंद्रगढ़ निवासी नितिन (20) और झज्जर निवासी खुश उर्फ मंजीत (19) को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, सात अक्टूबर को सूचना मिली थी कि एक क्रेटा कार में सवार पांच-छह युवकों ने गढ़ी के लेबर चौक पर विक्की उर्फ रोनी को अगवा कर लिया। विक्की के पिता ने आठ अक्टूबर को शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने बताया कि आरोपी विक्की को क्रेटा कार से हिसार ले जा रहे थे, उसी दौरान हांसी-बरवाला मार्ग पर अचानक गाय के सामने आने से तेज रफ्तार कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई और विक्की उनके चंगुल से निकल भागा।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से तीन दिन की हिरासत के दौरान पूछताछ की गई है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले की जांच जारी है।
भाषा राखी अविनाश
अविनाश