(फाइल फोटो के साथ)
पणजी, 14 अक्टूबर (भाषा) गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बुधवार को कहा कि ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (कॉजपा) के उन प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जिन्हें यहां सप्ताहांत विरोध प्रदर्शन के दौरान ‘हिंदुत्व मुर्दाबाद’ के नारे लगाते हुए सुना गया था।
रविवार को यहां विरोध प्रदर्शन के दौरान कॉजपा कार्यकर्ताओं द्वारा 'हिंदुत्व मुर्दाबाद' के नारे लगाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया । यह विरोध प्रदर्शन मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित गड़बड़ियों को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग के लिए आयोजित किया गया था।
सावंत ने कहा, ‘‘ मैंने सोशल मीडिया पोस्ट (वीडियो) देखा है। मैंने पुलिस से जांच करने को कहा है। उनके (कॉजपा सदस्यों के) खिलाफ जरूरी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।’’
सावंत ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं देख सकता हूं कि प्रदर्शनकारी सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश कर रहे थे। आप सभी को भी यह देखना चाहिए।’’
उन्होंने संवाददाताओं से ऐसी घटनाओं की निंदा करने को भी कहा।
गृह विभाग का भी प्रभार संभालने वाले मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि उनकी सरकार ऐसी कोशिशों को बर्दाश्त नहीं करेगी।
वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के राज्यसभा सदस्य सदानंद तनवड़े ने सवाल उठाया कि एसआईआर के मुद्दे पर आयोजित कॉजपा के विरोध प्रदर्शन के दौरान ऐसे नारे क्यों लगाए गए।
भाषा
राजकुमार पवनेश
पवनेश