नयी दिल्ली, 14 अक्टूबर (भाषा) विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बुधवार को यहां कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद से मुलाकात की और दोनों पक्षों ने उच्चस्तरीय द्विपक्षीय संवाद की गति बनाए रखने तथा उसे ठोस परिणामों में बदलने के महत्व पर जोर दिया।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि दोनों नेताओं ने व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (सीईपीए) पर बातचीत जल्द पूरी करने की दिशा में हुई प्रगति की भी सराहना की।
भारत की यात्रा पर आईं कनाडा की विदेश मंत्री ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भी मुलाकात की। बयान के मुताबिक, मोदी ने कहा कि उनके बीच व्यापार, प्रौद्योगिकी और ऊर्जा के क्षेत्र में भारत-कनाडा संबंधों को और मजबूत करने पर सार्थक चर्चा हुई।
बयान के मुताबिक, दिल्ली में बैठक के दौरान जयशंकर और आनंद ने दोनों देशों के बीच उच्चस्तरीय संवाद की गति बनाए रखने और उसे ठोस परिणामों में बदलने के महत्व को रेखांकित किया।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस बैठक में भारत और कनाडा के लोगों को लाभ पहुंचाने वाली ‘रचनात्मक और भविष्य पर केंद्रित साझेदारी’ को आगे बढ़ाने की दोनों पक्षों की प्रतिबद्धता दोहराई गई।
भाषा शफीक जोहेब
जोहेब