Breaking News

पंजाब में आज से 3 लाख सरकारी कर्मचारी 'हड़ताल' पर, दफ्तरों से बस सेवाओं तक पड़ेगा असर     |   एशियाई पैरा खेलों में प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड, बंटी ने जीता सिल्वर     |   ओम प्रकाश राजभर ने 29 नवंबर को आजमगढ़ में विशाल रैली का किया ऐलान     |   एशियाई पैरा खेलों में आयुष वर्मा ने शॉट पुट F53 इवेंट में जीता गोल्ड     |   सौरव दास और आशुतोष रांका की मुश्किलें बढ़ीं, दूसरा केस भी क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर     |  

सिएट चालू तिमाही में टायर की कीमतें चार से छह प्रतिशत बढ़ाएगी: सीईओ

नयी दिल्ली, 14 अक्टूबर (भाषा) टायर बनाने वाली कंपनी सिएट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अर्नब बनर्जी ने बुधवार को कहा कि कंपनी कच्चे माल की बढ़ती लागत की भरपाई के लिए चालू तिमाही में विभिन्न श्रेणियों के टायर की कीमतें चार से छह प्रतिशत तक बढ़ाने की योजना बना रही है।

कंपनी ने पिछले दो तिमाहियों में कीमतें बढ़ाई हैं, लेकिन इससे रबड़ और पेट्रोलियम आधारित उत्पादों जैसे प्रमुख कच्चे माल की कीमतों में बढ़ोतरी की पूरी भरपाई नहीं हो सकी। इसका असर कंपनी के दूसरी तिमाही के नतीजों में दिखा। इस दौरान उसका शुद्ध लाभ करीब 40 प्रतिशत घट गया और परिचालन लाभ मार्जिन एक अंक में आ गया।

बनर्जी ने पीटीआई-भाषा से कहा, “कीमतों में भारी बढ़ोतरी की गई है, हालांकि यह पर्याप्त नहीं रही। हमें अब भी लागत की भरपाई करनी है और प्रतिस्थापन बाजार में कीमतें और बढ़ानी हैं। मूल उपकरण विनिर्माताओं (ओईएम) के लिए कीमतों में बदलाव मूल्य सूचकांक के आधार पर होगा। अंतरराष्ट्रीय कारोबार में भी कीमतें बढ़ानी होंगी।”

भविष्य में कीमतें बढ़ाने की योजना के बारे में पूछे जाने पर बनर्जी ने कहा, “हम कीमतों में करीब चार-पांच प्रतिशत बढ़ोतरी की उम्मीद कर रहे हैं। वाणिज्यिक श्रेणी में यह थोड़ी अधिक, करीब छह प्रतिशत होगी। प्रतिस्थापन (पुरानी गाड़ियों के लिए नए टायर की मांग) बाजार में दूसरी तिमाही के अंत में कीमतों में मामूली बढ़ोतरी की घोषणा की गई थी, जो लागू हो चुकी है या अक्टूबर के अंत तक लागू हो जाएगी।”

उन्होंने कहा, “हम अक्टूबर के दौरान नई कीमतों में बढ़ोतरी की घोषणा करेंगे। प्रतिस्थापन बाजार में कीमतें और बढ़ाने की जरूरत है और हम चरणबद्ध तरीके से ऐसा करते रहेंगे। अंतरराष्ट्रीय कारोबार में हम सभी देशों में एक साथ कीमतें बढ़ाने की घोषणा नहीं कर सकते। इसलिए, हम एक-एक करके चुनिंदा बाजारों में कीमतें बढ़ाएंगे।”

भाषा योगेश अजय

अजय