जयपुर, 14 अक्टूबर (भाषा) एअर इंडिया के फ्रैंकफर्ट से दिल्ली आ रहे यात्री विमान को बुधवार सुबह 'हाईजैक अलर्ट' के बाद मार्ग परिवर्तन करके जयपुर हवाई अड्डे की ओर भेज दिया गया। सूत्रों ने बताया किया यह विमान यहां आपात स्थिति में उतरा।
अधिकारियों के अनुसार हालांकि, 'हाईजैक' का अलर्ट 'झूठा' निकला और पूरी सुरक्षा जांच के बाद यह उड़ान यात्रियों के साथ दिल्ली के लिए रवाना हो गई।
सूत्रों ने बताया कि उड़ान संख्या एआई 2030 वाले बोइंग 787-9 विमान ने जयपुर में आपात लैंडिंग की और सुरक्षा जांच के लिए उसे 'आइसोलेशन बे' में ले जाया गया।
विमान में 293 यात्री और चालक दल के 13 सदस्य सवार थे।
सहायक पुलिस आयुक्त शिव दयाल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि हवाई अड्डे के अधिकारियों ने पुलिस को बम की धमकी के बाद फ्रैंकफर्ट-दिल्ली उड़ान की आपात लैंडिंग के बारे में जानकारी दी थी।
सूत्रों ने कहा, 'विमान यहां सुबह करीब 9.35 बजे उतरा। विमान को जांच के लिए दस मिनट के भीतर 'आइसोलेशन बे' में ले जाया गया।'
पुलिस सूत्रों ने बताया कि सुरक्षाकर्मियों 'आइसोलेशन बे' में विमान की जांच की।
सूत्रों के अनुसार जब विमान मुंबई उड़ान सूचना क्षेत्र (एफआईआर) में था तब पायलट ने 'स्क्वाक कोड 7500' दबाया जो गैर-कानूनी दखल का संकेत देता है।
सूत्रों ने बताया, 'जानकारी मिली कि तकनीकी गड़बड़ी के कारण कोड 7500 सक्रिय हुआ था और विमान के अपहरण की कोई वास्तविक धमकी नहीं थी।'
सूत्रों के मुताबिक, जब विमान से 'स्क्वॉक कोड 7500' प्रसारित किया गया, उस समय विमान मुंबई फ्लाइट इन्फॉर्मेशन रीजन (एफआईआर) में था। इसके बाद विमान को मार्ग परिवर्तन करके जयपुर भेजा गया।
जयपुर हवाई अड्डा प्रबंधन ने बताया कि विमान की सुरक्षा जांच की गई और इसके बाद यात्रियों को विमान से उतारकर टर्मिनल भवन में ले जाया गया।
कुछ समय बाद, उड़ान को अनुमति मिल गई जिसके बाद उसी विमान में यात्रियों को बैठाया गया। इसके बाद विमान दिल्ली के लिए रवाना हो गया।
एअर इंडिया ने एक बयान में कहा, ‘‘संबंधित सुरक्षा एजेंसियों ने आवश्यक जांच की और विमान तथा चालक दल को उड़ान के लिए मंजूरी दे दी। सभी यात्रियों को विमान से उतारा गया, उनकी सुरक्षा जांच की गई और इसके बाद वे दोबारा विमान में सवार हो गए।’’
भाषा बाकोलिया संतोष
संतोष