मुंबई, 14 अक्टूबर (भाषा) एयर इंडिया के नए मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) टेवोल्डे गेब्रेमरियम ने लागत घटाने के उपायों पर विचार करने के लिए एक समिति गठित की है। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
इसके तहत एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस की कुछ टीम के युक्तिकरण सहित अन्य उपायों पर विचार किया जाएगा।
टाटा समूह और सिंगापुर एयरलाइंस के संयुक्त स्वामित्व वाली एयर इंडिया को वित्त वर्ष 2025-26 में 22,238.23 करोड़ रुपये का एकीकृत घाटा हुआ था।
इथियोपिया की एयरलाइंस में लंबे समय तक काम कर चुके गेब्रेमरियम ने एक अक्टूबर को एयर इंडिया के सीईओ एवं प्रबंध निदेशक (एमडी) का औपचारिक रूप से कार्यभार संभाला था। वह एयरलाइन का नेतृत्व करने वाले दूसरे विदेशी सीईओ एवं एमडी हैं।
सूत्रों ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि गेब्रेमरियम के नेतृत्व में गठित समिति लागत कम करने के विभिन्न विकल्पों पर विचार करेगी।
सूत्रों के मुताबिक, एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस की कुछ टीम का विलय करने तथा पट्टे पर लिए गए कार्यालयों का खर्च घटाने के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस के कुछ कार्यालयों को दूसरी जगह स्थानांतरित करने जैसे उपायों पर विचार किया जा रहा है।
भाषा यासिर अजय
अजय